शाहजहांपुर ARTO कार्यालय का औचक निरीक्षण, बाहरी व्यक्ति नहीं मिला

 


स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर, 05 सितंबर। सम्भागीय परिवहन अधिकारी, मुरादाबाद राजेश सिंह ने शनिवार को उप सम्भागीय परिवहन कार्यालय, शाहजहांपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय भवन में साफ-सफाई व्यवस्था ठीक पाई गई।

निरीक्षण के दौरान आरटीओ ने कार्यालय में मौजूद आवेदकों से सीधे बातचीत कर उनके कार्यों एवं समस्याओं के बारे में जानकारी ली। एक आवेदक ने बताया कि वह अपना इंटरनेशनल ड्राइविंग परमिट (आईडीपी) बनवाने के लिए स्वयं कार्यालय आया है और उसने आईडीपी का शुल्क भी स्वयं जमा किया है। आवेदक ने किसी भी प्रकार की मध्यस्थता से इनकार करते हुए अपना कार्य स्वयं कराने की बात कही।

पटल सहायकों से ली कार्यों की जानकारी

निरीक्षण के दौरान सभी पटल सहायक अपने-अपने पटल पर कार्य करते पाए गए। सम्भागीय परिवहन अधिकारी ने उनसे उनके पटल से संबंधित कार्यों एवं जनसामान्य के कार्यों की जानकारी ली।

प्रवर्तन पटल पर वाहन अवमुक्त कराने आए लोगों से भी बातचीत की गई। उनके द्वारा बताया गया कि उनका कार्य सही तरीके से किया जा रहा है। वाहन संबंधी कार्य कराने आए अन्य लोगों से बातचीत में भी उन्होंने अपना कार्य स्वयं कराने तथा कार्यालय से किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने की जानकारी दी।

लाइसेंस आवेदकों से भी की बातचीत

कार्यालय के प्रथम तल पर लाइसेंस बनवाने आए आवेदकों से बातचीत की गई। आवेदकों ने कार्य निष्पक्ष तरीके से किए जाने की बात बताई।

निरीक्षण के दौरान सम्भागीय परिवहन अधिकारी ने उपस्थिति रजिस्टर एवं कैश बुक भी चेक की। कार्यालय परिसर में किसी भी प्रकार के बाहरी व्यक्ति अथवा मध्यस्थ नहीं पाए गए।

जनता के कार्य शीघ्र निपटाने के निर्देश

सम्भागीय परिवहन अधिकारी राजेश सिंह ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनता से संबंधित कार्यों का त्वरित गति से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यालय में आने वाले आवेदकों को बेहतर एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

Previous Post Next Post