स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
फर्स्ट एड, योग, बाल शिक्षा, HPV वैक्सीनेशन, रक्तदान और टीबी मरीजों को गोद लेकर मानव सेवा का विस्तार
शाहजहांपुर। लखनऊ स्थित राजभवन में आयोजित इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी उत्तर प्रदेश शाखा की वार्षिक बैठक में शाहजहांपुर में मानव सेवा की गतिविधियों को और व्यापक एवं प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। महामहिम राज्यपाल एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी उत्तर प्रदेश की अध्यक्ष श्रीमती आनंदीबेन पटेल तथा प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं सोसाइटी के सभापति श्री ब्रजेश पाठक के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जनपद में रेडक्रॉस की सेवाओं को विस्तार देने की योजना बनाई गई।
बैठक में शाहजहांपुर की ओर से डॉ. रवि मोहन एवं डॉ. विजय जौहरी उर्फ अनुज जौहरी ने सहभागिता की। बैठक में राज्यपाल ने रेडक्रॉस की सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर विशेष बल दिया।
छात्राओं के स्वास्थ्य और फर्स्ट एड पर जोर
राज्यपाल ने ‘बेटी पढ़ाओ’ के साथ बेटियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को भी महत्वपूर्ण बताते हुए विद्यालयों में छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए HPV वैक्सीन के प्रति जागरूक करने तथा टीकाकरण में रेडक्रॉस की सक्रिय भूमिका पर जोर दिया।
उन्होंने विद्यालयों में फर्स्ट एड एवं CPR प्रशिक्षण को प्राथमिकता देने की आवश्यकता बताई। उनका कहना था कि आपात स्थिति में चिकित्सकीय सहायता पहुंचने से पहले यदि शिक्षक और विद्यार्थी प्राथमिक उपचार तथा CPR देने में सक्षम हों तो कई बहुमूल्य जीवन बचाए जा सकते हैं।
इसके साथ ही विद्यार्थियों को योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करने और विद्यालयों में योग जागरूकता एवं नियमित योगाभ्यास को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।
जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा से जोड़ने की पहल
राज्यपाल ने गरीब एवं वंचित परिवारों के उन बच्चों की शिक्षा पर भी चिंता जताई, जो विद्यालय में प्रवेश के बाद नियमित रूप से स्कूल नहीं जा पाते और घरेलू कार्यों में लगा दिए जाते हैं। रेडक्रॉस को ऐसे बच्चों को चिह्नित कर उन्हें दोबारा विद्यालय से जोड़ने तथा उनकी नियमित शिक्षा सुनिश्चित कराने की दिशा में काम करने का आह्वान किया गया।
रक्तदान और टीबी मरीजों की मदद पर विशेष जोर
बैठक में स्वैच्छिक रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया गया। आपात स्थिति में जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए रक्तदाताओं की सूची तैयार रखने की आवश्यकता भी बताई गई।
वहीं विशेष अभियान के तहत टीबी रोगियों को गोद लेकर उनके उपचार एवं सहयोग में सहभागिता करने पर भी विशेष बल दिया गया।
डॉ. रवि मोहन की सेवाभावना की सराहना
बैठक में उत्तर प्रदेश शासन के अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा पूर्व में शाहजहांपुर के जिलाधिकारी रह चुके श्री अमित घोष ने होम्योपैथिक चिकित्सक एवं रेडक्रॉस से जुड़े डॉ. रवि मोहन की चिकित्सीय सेवाभावना की सराहना की। उन्होंने चिकित्सा सेवा के साथ रेडक्रॉस के माध्यम से मानव सेवा को उनके सेवा-समर्पण का प्रतीक बताया।
वहीं उपमुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक ने रेडक्रॉस के एक सदस्य को जिला स्वास्थ्य समिति में नामित किए जाने का प्रस्ताव रखा, जिससे जिला स्तर पर स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों में रेडक्रॉस की सहभागिता और प्रभावी हो सकेगी।
समाज के सहयोग से मानव सेवा को मिलेगी गति
राजभवन की बैठक से लौटने के बाद इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी शाहजहांपुर के सचिव डॉ. विजय जौहरी ने कहा कि राज्यपाल एवं उपमुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में जनपद में रेडक्रॉस की सेवाओं को नई गति दी जाएगी।
उन्होंने समाजसेवियों, संस्थाओं, स्वयंसेवकों एवं आम नागरिकों से रेडक्रॉस से जुड़कर रक्तदान, फर्स्ट एड, स्वास्थ्य जागरूकता, शिक्षा तथा जरूरतमंदों की सहायता के कार्यों को मजबूत करने का आह्वान किया।
डॉ. जौहरी ने कहा कि रेडक्रॉस किसी एक व्यक्ति की संस्था नहीं, बल्कि समाज के सहयोग से समाज की सेवा करने वाला मानवीय अभियान है। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से आने वाले समय में शाहजहांपुर मानव सेवा के क्षेत्र में प्रदेश में अग्रणी जनपद के रूप में अपनी पहचान बनाएगा।
