‘सहयोग’ ने वृद्धाश्रम में बांटी खुशियां, बुजुर्गों के बीच मनाया अयांश का जन्मदिन

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

डायरेक्टर रजनी गुप्ता ने पोते के जन्मदिन पर बुजुर्गों को कराया भोजन, लिया आशीर्वाद

शाहजहांपुर। समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय ‘सहयोग’ संस्था ने सेवा और संवेदना की मिसाल पेश करते हुए एक अनूठी पहल की। संस्था की डायरेक्टर रजनी गुप्ता ने अपने पोते अयांश का जन्मदिन घर के बजाय बनतारा स्थित वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के बीच मनाया। इस दौरान आश्रम में खुशियों का माहौल रहा और बुजुर्गों के चेहरों पर भी मुस्कान नजर आई।

रजनी गुप्ता वृद्धाश्रम पहुंचीं और वहां मौजूद बुजुर्गों को भोजन कराया। इसके बाद अयांश ने बुजुर्गों के बीच केक काटा और उन्हें केक खिलाकर उनका आशीर्वाद लिया। जन्मदिन के इस आयोजन में पारिवारिक खुशी के साथ सामाजिक सेवा और मानवीय संवेदना का सुंदर संगम देखने को मिला।

रजनी गुप्ता ने कहा कि संस्था से जुड़ने के बाद उनका मन लगातार समाजसेवा की ओर लगा रहता है। अब अपनी खुशियों को जरूरतमंदों और बुजुर्गों के साथ साझा करने में उन्हें विशेष आनंद मिलता है। इसी भावना के चलते उन्होंने पोते का जन्मदिन वृद्धाश्रम में मनाने का निर्णय लिया।

संस्था के संस्थापक शाहनवाज खान एडवोकेट एवं अनिल गुप्ता प्रधान ने कहा कि समाज में एक-दूसरे का ध्यान रखना सभी की जिम्मेदारी है। यदि लोग अपनी खुशियों में जरूरतमंदों को शामिल करें और मिल-जुलकर समाजसेवा करें तो खुशियां दोगुनी हो जाती हैं और सामाजिक समस्याओं के समाधान की दिशा में भी सकारात्मक माहौल बनता है।

वृद्धाश्रम में मौजूद रमेश भैया एवं विमला बहन ने अयांश को आशीर्वाद देते हुए आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि जन्मदिन जैसे खुशी के अवसर पर वृद्धाश्रम, गौशाला या जरूरतमंद लोगों के बीच पहुंचकर उनकी मदद करना और आशीर्वाद लेना प्रेरणादायक पहल है।

इस अवसर पर संस्था की अध्यक्ष स्तुति गुप्ता, डायरेक्टर शालू यादव, जिला प्रभारी विकास सक्सेना, ममता यादव, सुमन गुप्ता, संगीता गुप्ता, शिवम वर्मा, रामजी गुप्ता, दिव्यांश गुप्ता, तनू गुप्ता सहित संस्था के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Previous Post Next Post