मिशन शक्ति केंद्रों के प्रभावी संचालन को लेकर SP सख्त, महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण की समीक्षा

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

महिला एवं बालिकाओं की शिकायतों का संवेदनशीलता से निस्तारण करने के निर्देश, उत्कृष्ट कार्य पर आरक्षी लविश गिरी सम्मानित

शाहजहाँपुर। महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को रिजर्व पुलिस लाइन, शाहजहाँपुर में पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में मिशन शक्ति केंद्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर समेत जनपद के सभी थानों पर मिशन शक्ति केंद्रों में नियुक्त प्रभारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

बैठक में मिशन शक्ति अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन, महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा तथा मिशन शक्ति केंद्रों के सुचारु संचालन को लेकर विस्तार से समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने मिशन शक्ति केंद्र प्रभारियों से उनके थाना क्षेत्रों में संचालित गतिविधियों, प्राप्त शिकायतों तथा महिलाओं एवं बालिकाओं को उपलब्ध कराई जा रही सहायता और जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी ली।

पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि मिशन शक्ति केंद्र पर आने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं की शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना जाए तथा उनका प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए। महिला हेल्पलाइन 1090, 181, 112, 1076 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 सहित अन्य उपयोगी हेल्पलाइन नंबरों के संबंध में भी महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करने के निर्देश दिए गए।

स्कूल-कॉलेज और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता पर जोर

महिला बीट अधिकारियों एवं महिला पुलिसकर्मियों को अपने-अपने बीट क्षेत्रों में महिलाओं एवं बालिकाओं से नियमित संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्कूल-कॉलेज, बाजार, सार्वजनिक स्थलों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं की समस्याओं की जानकारी लेने और आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

पुलिस अधीक्षक ने मिशन शक्ति केंद्रों पर उपलब्ध अभिलेखों एवं शिकायत पंजिकाओं को अद्यावधिक रखने तथा प्रत्येक गतिविधि का उचित अभिलेखीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मिशन शक्ति के तहत किए जा रहे कार्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा सुविधाओं एवं शासन की योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

बैठक में महिला अपराधों की रोकथाम, त्वरित पुलिस सहायता, पीड़ित महिलाओं को विधिक एवं सहायता सेवाओं से जोड़ने, बालिकाओं की सुरक्षा तथा महिला संबंधी शिकायतों के प्रभावी अनुश्रवण को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उत्कृष्ट कार्य पर आरक्षी लविश गिरी पुरस्कृत

बैठक के दौरान थाना रामचन्द्र मिशन में नियुक्त आरक्षी लविश गिरी को उत्कृष्ट कार्य के लिए ₹2,000 की धनराशि से पुरस्कृत किया गया। पुलिस अधीक्षक ने उनके कार्य की सराहना करते हुए अन्य पुलिसकर्मियों को भी बेहतर कार्य के लिए प्रेरित किया।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। मिशन शक्ति केंद्रों को महिलाओं के लिए सहज, सुरक्षित और भरोसेमंद सहायता केंद्र के रूप में प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए, ताकि किसी भी महिला या बालिका को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।

बैठक में जनपद के समस्त थानों से मिशन शक्ति केंद्रों पर नियुक्त प्रभारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post