स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
दिल्ली पुलिस पर पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार का आरोप, शाहजहाँपुर में पत्रकारों से जुड़ी घटनाओं पर भी कार्रवाई की मांग
शाहजहाँपुर। राष्ट्रीय पत्रकार सेकुलर सुरक्षा यूनियन परिषद की ओर से पत्रकारों की सुरक्षा एवं समस्याओं को लेकर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी शाहजहाँपुर के माध्यम से सौंपा गया। ज्ञापन में दिल्ली में दो पत्रकारों के साथ कथित मारपीट एवं दुर्व्यवहार के मामले में एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है।
ज्ञापन में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नवी सलमान ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ने कथित तौर पर दो पत्रकारों शाहीन खान और नफीसा खान को हिरासत में लेकर उनके साथ मारपीट की। ज्ञापन के अनुसार, पुलिस थाने के अंदर उनके साथ कथित रूप से थप्पड़ मारने और मारपीट करने के साथ सांप्रदायिक टिप्पणियां किए जाने की भी बात सामने आई है।
ज्ञापन में कहा गया कि दोनों पत्रकार दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सवाल करने का प्रयास कर रहे थे। संगठन ने पूरे मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कराने तथा आरोपित पुलिसकर्मियों को निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच पूरी होने तक निलंबित किए जाने की मांग की।
इसके साथ ही ज्ञापन में शाहजहाँपुर में पत्रकारों के साथ कथित रूप से हो रही घटनाओं का भी उल्लेख करते हुए संबंधित मामलों में कार्रवाई की मांग की गई है।
संगठन ने राष्ट्रपति से पत्रकारों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा पत्रकारों से संबंधित शिकायतों पर निष्पक्ष कार्रवाई किए जाने की मांग की।
दिनांक: 7 सितंबर 2026
ज्ञापनदाता: नवी सलमान, राष्ट्रीय अध्यक्ष, राष्ट्रीय पत्रकार सेकुलर सुरक्षा यूनियन परिषद्।
