वर्दी, अनुशासन और शारीरिक दक्षता का लिया जायजा; उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन शाहजहाँपुर में आयोजित साप्ताहिक परेड की सलामी ग्रहण कर उसका निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों की वर्दी, टर्नआउट, अनुशासन और शारीरिक दक्षता का जायजा लेते हुए ड्यूटी के दौरान चुस्त-दुरुस्त, सतर्क एवं सजग रहने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के साथ ही नियमित व्यायाम एवं प्रशिक्षण के माध्यम से शारीरिक और मानसिक फिटनेस बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिस्थिति में धैर्य और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य करना चाहिए। अनुशासित और फिट पुलिस बल ही आमजन की सुरक्षा एवं सहायता को प्रभावी ढंग से सुनिश्चित कर सकता है।
महिला आरक्षियों के प्रशिक्षण का भी लिया जायजा
एसपी ने पुलिस लाइन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं महिला आरक्षियों के प्रशिक्षण की जानकारी ली और प्रशिक्षण व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षुओं को अनुशासन, शारीरिक दक्षता एवं पुलिस कार्यप्रणाली से संबंधित प्रशिक्षण को गंभीरता और पूर्ण मनोयोग से प्राप्त करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा पुलिस लाइन में उपलब्ध सरकारी वाहनों के रख-रखाव एवं कार्यशीलता का भी निरीक्षण किया। उन्होंने एफएसएल टीम से वार्ता कर उनके कार्यों की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कांवड़ यात्रा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित
पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ यात्रा के दौरान उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने सम्मानित पुलिसकर्मियों के कार्य की सराहना करते हुए अन्य पुलिसकर्मियों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया। एसपी ने कहा कि कर्तव्य के प्रति समर्पण और उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को लगातार प्रोत्साहित किया जाएगा।
साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण
एसपी सौरभ दीक्षित ने पुलिस लाइन परिसर की साफ-सफाई एवं विभिन्न व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को टीम भावना, आपसी समन्वय, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए जनसुरक्षा एवं जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी नगर, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण मौजूद रहे।
