सीता की मठिया क्षेत्र में सजेगा गणेशोत्सव का दरबार, शोभायात्रा, महाआरती, छप्पन भोग और भंडारे का होगा आयोजन
स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर। श्री गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर शाहजहांपुर में धार्मिक उत्साह और उमंग का माहौल है। आगामी 14 सितंबर 2026 को श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र ‘मटिया के महाराज’ भगवान श्री गणेश का भव्य आगमन होगा। इस अवसर पर शहर में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
आयोजन समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, गणेश पैलेस परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भगवान गणपति की विशाल प्रतिमा की स्थापना वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ की जाएगी। प्रतिमा स्थापना से पूर्व शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें ढोल-नगाड़ों, आकर्षक झांकियों और गाजे-बाजे के बीच श्रद्धालु भगवान गणेश के जयकारे लगाते हुए शामिल होंगे।
महाआरती और छप्पन भोग रहेगा प्रमुख आकर्षण
आयोजन के दौरान भगवान गणपति की भव्य महाआरती एवं छप्पन भोग का आयोजन किया जाएगा। गणेशोत्सव के दौरान स्थानीय एवं बाहरी कलाकारों द्वारा भजन संध्या और धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण एवं विशाल भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु महाप्रसाद ग्रहण करेंगे।
रोशनी और फूलों से सजेगा सीता की मठिया क्षेत्र
गणेशोत्सव को लेकर सीता की मठिया क्षेत्र को रंग-बिरंगी रोशनी, गुब्बारों और फूलों से सजाया जा रहा है। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिल रहा है।
आयोजन समिति के अनुसार, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस की ओर से भी व्यवस्थाओं पर नजर रखी जा रही है, ताकि दर्शन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
आयोजन समिति ने शाहजहांपुर और आसपास के श्रद्धालुओं से 14 सितंबर को अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर ‘मटिया के महाराज’ के दर्शन करने, महाप्रसाद ग्रहण करने और गणेशोत्सव में शामिल होने की अपील की है।