स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
कच्चे मकान से पक्के घर तक पहुंची रोशनी की जिंदगी, आवास योजना से परिवार को मिला सुरक्षित आशियाना
शाहजहांपुर। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना ने जरूरतमंद परिवारों के लिए सुरक्षित और पक्का आशियाना उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। शाहजहांपुर नगर निगम क्षेत्र के मोहल्ला ककरा कला निवासी श्रीमती रोशनी पत्नी अनिल की कहानी भी इसी बदलाव की तस्वीर पेश करती है।
श्रीमती रोशनी पहले अपने परिवार के साथ कच्चे और जर्जर मकान में रहने को मजबूर थीं। सीमित संसाधनों के कारण परिवार के लिए सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना उनके लिए बड़ी चुनौती थी। इसी दौरान आसपास के लोगों से उन्हें प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के बारे में जानकारी मिली।
योजना की जानकारी मिलने के बाद रोशनी ने डूडा कार्यालय पहुंचकर आवास के लिए आवेदन किया। जांच के बाद उन्हें योजना के लिए पात्र घोषित किया गया। इसके पश्चात सरकार से प्राप्त अनुदान और परिवार द्वारा स्वयं जुटाई गई धनराशि को मिलाकर उन्होंने पक्का आवास बनवाया।
सुरक्षित हुआ परिवार का भविष्य
पक्का आवास मिलने के बाद रोशनी और उनके परिवार के जीवन में बड़ा बदलाव आया। जहां पहले परिवार को कच्चे मकान में रहने की चिंता रहती थी, वहीं अब उन्हें पक्की छत और सुरक्षित आवास उपलब्ध है।
रोशनी का कहना है कि पक्का मकान उनके परिवार की खुशहाली और सुरक्षा का आधार बना है। आवास मिलने से उन्हें न केवल बेहतर जीवन जीने का अवसर मिला, बल्कि परिवार के भविष्य को लेकर भी विश्वास बढ़ा है।
श्रीमती रोशनी ने अपने परिवार की ओर से प्रधानमंत्री एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि आवास योजना ने उनके परिवार को एक सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर दिया है।
