स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
आईजीआरएस शिकायतों के त्वरित और पारदर्शी समाधान के लिए विशेष अभियान जारी, अब शिकायतकर्ता को बार-बार थाने जाने की जरूरत नहीं
शाहजहांपुर। जनशिकायतों के निस्तारण में तेजी, पारदर्शिता और निष्पक्षता लाने के उद्देश्य से शाहजहांपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 10 सितंबर 2026 को कुल 39 शिकायतों का मौके पर पहुंचकर निस्तारण किया गया।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त जनशिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए यह अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के लिए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
अधिकारी खुद पहुंच रहे शिकायतकर्ता के पास
विशेष अभियान के तहत जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी शिकायतकर्ताओं के पास मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण कर रहे हैं। निर्देश के अनुसार प्रत्येक क्षेत्राधिकारी अपने सर्किल में कम से कम एक स्थान और प्रत्येक थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर प्रतिदिन जाकर शिकायतों का निस्तारण करेंगे।
इसी क्रम में 10 सितंबर को जनपद के विभिन्न थानों से प्राप्त शिकायतों में से 39 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
दोनों पक्षों का लिया जा रहा फीडबैक
शाहजहांपुर पुलिस के अनुसार शिकायतों के समाधान के दौरान मौके पर स्थलीय स्थिति का निरीक्षण करने के साथ ही दोनों पक्षों का फीडबैक लिया जा रहा है, ताकि शिकायतकर्ता को समाधान के संबंध में संतुष्ट किया जा सके।
पुलिस का कहना है कि इस व्यवस्था से शिकायतकर्ता को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार थाने अथवा पुलिस अधिकारियों के कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। मौके पर पहुंचकर शिकायत का समाधान करने से निस्तारण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
