गुडम्बा पुलिस ने अवैध शस्त्रों के साथ आरोपी को किया गिरफ्तार, दो तमंचे और कारतूसनुमा बम बरामद

 


ब्यूरो रिपोर्ट रिज़वान अली

लखनऊ। गुडम्बा थाना पुलिस ने अवैध शस्त्रों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 32 बोर की एक देसी रिवॉल्वर और एक जिंदा बम, जबकि उसकी कार की तलाशी में 315 बोर का एक देसी तमंचा और एक जिंदा बम बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 9 सितंबर 2026 को उपनिरीक्षक सौरव सिंह पुलिस बल के साथ टेढ़ीपुलिया चौराहे पर संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि खोया मंडी वाली गली में काले रंग की मारुति कार में एक व्यक्ति अवैध तमंचे के साथ मौजूद है और कहीं जाने की फिराक में है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी ने वाहन स्टार्ट कर मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने आवश्यक बल प्रयोग करते हुए उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान मो. सलमान पुत्र मो. जमील, उम्र करीब 28 वर्ष, निवासी आदिल नगर, थाना गुडम्बा, लखनऊ के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार जामा तलाशी में उसकी कमर में जींस के अंदर छिपाकर रखा 32 बोर का देसी रिवॉल्वर और एक जिंदा बम बरामद हुआ। इसके बाद उसके कब्जे वाली काली मारुति फ्रॉंज कार संख्या UP 32 SA 9322 की तलाशी लेने पर ग्लव बॉक्स से 315 बोर का देसी तमंचा और एक जिंदा बम बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध शस्त्रों से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। बरामदगी के आधार पर थाना गुडम्बा में मु0अ0सं0 353/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी के विरुद्ध गुडम्बा थाने में वर्ष 2023 में आयुध अधिनियम समेत अन्य धाराओं में तथा मड़ियांव थाने में वर्ष 2018 में मारपीट और धमकी से संबंधित मुकदमा दर्ज है। पुलिस अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।

बरामदगी:

  • एक देसी रिवॉल्वर 32 बोर
  • एक जिंदा बम 32 बोर
  • एक देसी तमंचा 315 बोर
  • एक जिंदा बम 315 बोर
  • काली मारुति फ्रॉंज कार संख्या UP 32 SA 9322

गिरफ्तारी एवं बरामदगी करने वाली टीम में SHO अंजनी कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक सौरव सिंह, उपनिरीक्षक दान बहादुर राय, हेड कांस्टेबल कृष्ण चौधरी, कांस्टेबल संतोष कुमार और कांस्टेबल रावेन्द्र पाल शामिल रहे।

Previous Post Next Post