स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
रोजा रेलवे स्टेशन से मिले मेमो के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर की जांच, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
शाहजहांपुर, 02 सितंबर। रोजा रेलवे स्टेशन के माध्यम से बुधवार को करीब 14:00 बजे पुलिस को मेमो प्राप्त हुआ कि शाहजहांपुर-हरदोई रेलवे लाइन पर किमी संख्या 1231/35 एवं 1228/35 के मध्य अटसलिया ओवरब्रिज के नीचे एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया व्यक्ति की मृत्यु ट्रेन से गिरने के कारण लगी चोटों से होना प्रतीत हो रहा है। हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन मृतक के संबंध में कोई उपयोगी जानकारी नहीं मिल सकी।
मौके पर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला शव विच्छेदन गृह, शाहजहांपुर भेज दिया गया।
पुलिस द्वारा अज्ञात व्यक्ति की पहचान कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं तथा मामले की जांच जारी है।
