देवी प्रसाद इंटर कॉलेज में पॉक्सो अधिनियम को लेकर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

देवी प्रसाद इंटर कॉलेज में पॉक्सो अधिनियम को लेकर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

शाहजहांपुर, 28 सितंबर 2026। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पांडे के निर्देशानुसार देवी प्रसाद इंटर कॉलेज, शाहजहांपुर में पॉक्सो अधिनियम, 2012 के प्रावधानों और कानूनी परिणामों को लेकर विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/एसीजेएम-तृतीय सौरभ कुमार गौतम ने की।

कार्यक्रम में सौरभ कुमार गौतम ने पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को गुड टच और बैड टच के बारे में समझाया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, अनुचित स्पर्श या परेशानी की स्थिति में बच्चे बिना झिझक अपने माता-पिता, परिवार के सदस्यों, शिक्षकों अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर संपर्क करें।

अपर सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/एसीजेएम अवंतिका प्रभाकर ने पॉक्सो अधिनियम के महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि 18 वर्ष से कम आयु के बालक या बालिका की सहमति को कानून में मान्यता नहीं है। उन्होंने कहा कि पॉक्सो अधिनियम के तहत अपराधों के लिए कठोर दंड का प्रावधान है। साथ ही 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों के विवाह से संबंधित कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी दी।

न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम एवं किशोर न्याय बोर्ड की अध्यक्ष सलोचना वर्मा ने विद्यार्थियों से कहा कि किसी भी प्रकार के लैंगिक उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल माता-पिता, शिक्षकों, पुलिस या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 को सूचना दें। उन्होंने बैड टच की स्थिति में तुरंत ‘ना’ कहने, सुरक्षित स्थान पर जाने और घटना की जानकारी किसी विश्वसनीय व्यक्ति को देने के लिए जागरूक किया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पीएलवी अनिल कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को निःशुल्क विधिक सहायता, निःशुल्क अधिवक्ता और विधिक परामर्श की जानकारी दी। उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-180-5235 तथा नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में भी बताया।

विद्यालय प्रबंधक केशवचंद मिश्रा ने विद्यार्थियों को अच्छे संस्कार और नैतिक मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य अवधेश सिंह अरुण ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के वरिष्ठ लिपिक मोहम्मद अफजल ने किया। शिविर में पीएलवी सैनिक पांडे, योगेश कुमार, अनिल कुमार वर्मा, विद्यालय के शिक्षकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

Previous Post Next Post