जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण कर एफएलसी कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 14 सितंबर। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने सोमवार को डीएम कंपाउंड स्थित ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) एवं VVPAT के फर्स्ट लेवल चेकिंग (FLC) कार्य की गुणवत्ता, प्रगति और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत ईवीएम एवं वीवीपैट की एफएलसी का कार्य 02 सितंबर 2026 से कराया जा रहा है।
निर्धारित समय में पूरा हो एफएलसी कार्य
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि एफएलसी कार्य भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ निर्धारित समयावधि में पूरा कराया जाए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा एफएलसी से संबंधित सभी निर्धारित प्रक्रियाओं का विधिवत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
एफएलसी हॉल में केवल अधिकृत लोगों को प्रवेश
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि एफएलसी हॉल में केवल अधिकृत प्रतिनिधियों, संबंधित अधिकारियों एवं नामित कार्मिकों को ही प्रवेश दिया जाए। उन्होंने एफएलसी कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्वाचन संबंधी दायित्वों का निर्वहन पूर्ण जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि एफएलसी प्रक्रिया में किसी प्रकार की कमी की गुंजाइश न रहे।
ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था परखी
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों के संचालन और निगरानी व्यवस्था का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कमी न रहने देने के निर्देश दिए।
ECIL इंजीनियर को गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश
जिलाधिकारी ने ईसीआईएल के इंजीनियर को ईवीएम एवं वीवीपैट की एफएलसी निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र सहित विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
