स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के मद्देनजर ईवीएम-वीवीपैट की फर्स्ट लेवल चेकिंग व्यवस्था का लिया जायजा
शाहजहाँपुर। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने बुधवार, 9 सितंबर 2026 को डीएम कंपाउंड स्थित ईवीएम वेयरहाउस में चल रहे ईवीएम एवं वीवीपैट के फर्स्ट लेवल चेकिंग (FLC) कार्य का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति, सुरक्षा कर्मियों की तैनाती तथा सीसीटीवी कैमरों एवं वेब कैमरों की क्रियाशीलता का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने वेयरहाउस में अग्निशमन व्यवस्था से संबंधित बिंदुओं का भी निरीक्षण किया।
बिना पहचान-पत्र प्रवेश पर रोक
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। बिना पहचान-पत्र के किसी भी व्यक्ति को एफएलसी हॉल में प्रवेश न दिया जाए। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति की डीएफएमडी के माध्यम से फ्रिस्किंग सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान जिलाधिकारी ने ईसीआईएल के इंजीनियर्स से एफएलसी कार्य की प्रगति एवं प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने एफएलसी कार्य में पारदर्शिता, सुरक्षा और निर्वाचन आयोग के निर्धारित प्रोटोकॉल का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
