स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश, नाली निर्माण और कर विभाग से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित निस्तारण के निर्देश
शाहजहांपुर। नगर निगम शाहजहांपुर में मंगलवार को नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी की अध्यक्षता में जनसुनवाई दिवस का आयोजन किया गया। नगर निगम कार्यालय में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले जनसुनवाई कार्यक्रम में नगर क्षेत्र के लोगों ने विभिन्न समस्याएं एवं शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं।
जनसुनवाई के दौरान नागरिकों ने साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल आपूर्ति, प्रकाश बिंदु, नाली निर्माण तथा कर विभाग से संबंधित समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। नगर आयुक्त ने प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।
जनसुनवाई दिवस में कुल 02 समस्याएं/शिकायतें प्राप्त हुईं। नगर आयुक्त ने दोनों शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त अजय कुमार त्रिपाठी, सहायक नगर आयुक्त तरुण प्रताप सिंह, महाप्रबंधक जल विजय नारायण मौर्य, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कुमार मिश्रा, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं नगरवासी उपस्थित रहे।
