स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
डॉ. प्रांजल शाही बने समन्वयक, उद्योग जगत की जरूरतों के अनुरूप विद्यार्थियों के कौशल विकास पर रहेगा जोर
शाहजहांपुर। स्वामी शुकदेवानन्द विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए ‘उद्योग-एकेडमिक एकीकरण एवं कौशल विकास प्रकोष्ठ’ का गठन किया गया है। प्रकोष्ठ का उद्देश्य विश्वविद्यालय की शिक्षा व्यवस्था को उद्योग जगत की आवश्यकताओं से जोड़ना और विद्यार्थियों में रोजगारपरक एवं व्यावहारिक कौशल विकसित करना है।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी कार्यालय-ज्ञाप के अनुसार डॉ. प्रांजल शाही को प्रकोष्ठ का समन्वयक तथा डॉ. रूपक श्रीवास्तव को सह-समन्वयक बनाया गया है।
प्रकोष्ठ में डॉ. अभिजीत मिश्रा, डॉ. नमिता शुक्ला, डॉ. ज्योत्सना गुप्ता, श्री सौरभ मिश्रा एवं सुश्री व्याख्या सक्सेना को सदस्य नामित किया गया है। वहीं श्री गगन अग्रवाल को बाह्य आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
उद्योग की जरूरतों के अनुरूप तैयार होंगे विद्यार्थी
प्रकोष्ठ के गठन से विश्वविद्यालय में अकादमिक ज्ञान और उद्योग की व्यावहारिक आवश्यकताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने की उम्मीद है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को कौशल विकास, उद्योग आधारित प्रशिक्षण और व्यावहारिक अनुभव उपलब्ध कराने के साथ ही रोजगार की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में शिक्षा को बहुविषयक, कौशल आधारित एवं रोजगारपरक बनाने पर विशेष जोर दिया गया है। ऐसे में विश्वविद्यालय की यह पहल विद्यार्थियों को पारंपरिक अकादमिक शिक्षा के साथ-साथ उद्योग एवं कार्यक्षेत्र की वास्तविक जरूरतों से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
