हनी ट्रैप और ब्लैकमेलिंग पर पुलिस की पैनी नजर, रेलवे अधिकारी के परिवार को धमकी देने वाली युवती गिरफ्तार

आपत्तिजनक फोटो-वीडियो के जरिए 15 लाख रुपये मांगने का आरोप, प्रयागराज जंक्शन से झांसी पुलिस ने पकड़ा

ब्यूरो चीफ आमिर मिर्जा प्रयागराज ✍️

प्रयागराज। आपत्तिजनक फोटो और वीडियो के जरिए एक रेलवे अधिकारी एवं उसके परिवार को कथित रूप से ब्लैकमेल कर 15 लाख रुपये की मांग करने वाली युवती को झांसी पुलिस ने प्रयागराज जंक्शन से गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी युवती के खिलाफ झांसी के नवाबाद थाने में रेलवे अधिकारी के परिवार को कथित तौर पर ब्लैकमेल करने के मामले में मुकदमा दर्ज था। आरोप है कि युवती आपत्तिजनक फोटो और वीडियो का इस्तेमाल कर परिवार से 15 लाख रुपये की मांग कर रही थी।

आरोप यह भी है कि रकम नहीं देने पर परिवार के एक सदस्य की हत्या करने तथा आपत्तिजनक फोटो-वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी दी गई थी। मामले की जानकारी मिलने के बाद झांसी पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी।

पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी युवती प्रयागराज जंक्शन के रेस्ट रूम में ठहरी हुई है। सूचना के आधार पर झांसी पुलिस ने स्थानीय खुल्दाबाद पुलिस की मदद से प्रयागराज जंक्शन पर कार्रवाई की और युवती को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने ट्रांजिट डिमांड संबंधी आवश्यक कार्रवाई पूरी की और आरोपी युवती को झांसी ले गई। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई झांसी पुलिस द्वारा की जा रही है।

पुलिस के आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के दौरान होगी।

Previous Post Next Post