कृष्णानगर पुलिस ने 5 घंटे में ढूंढ निकाली 6 वर्षीय गुमशुदा बच्ची

घर से खेलते समय हुई थी लापता, फोटो और हुलिया व्हाट्सएप ग्रुपों में प्रसारित कर पुलिस ने बच्ची को सकुशल बरामद किया

ब्यूरो रिपोर्ट निसार अहमद लखनऊ ✍️

लखनऊ। थाना कृष्णानगर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घर से लापता हुई 6 वर्षीय बच्ची को करीब पांच घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्ची के मिलने पर परिजनों ने पुलिस टीम और सहयोग करने वाले मीडिया कर्मियों का आभार जताया।

जानकारी के अनुसार, आजाद नगर निवासी महिला ने थाना कृष्णानगर पुलिस को सूचना दी कि उनकी छह वर्षीय बेटी सुबह करीब 9 बजे खेलते-खेलते घर से कहीं चली गई है। काफी तलाश करने के बाद भी बच्ची का पता नहीं चल सका।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक प्रद्युम्न कुमार सिंह के निर्देशन में चौकी प्रभारी आजादनगर उ0नि0 गौरव कुमार सिंह और का0 छविनाथ सिंह ने गीतापल्ली, आजाद नगर और पकरी पुलिया सहित आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाश शुरू की।

पुलिस टीम ने बच्ची की फोटो और हुलिया पुलिस व मीडिया के व्हाट्सएप ग्रुपों में प्रसारित किया, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सूचना पहुंच सके।

इसी दौरान मीडिया ग्रुप के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि खजाना चौराहा क्षेत्र में पीले रंग का टॉप पहने एक बच्ची मिली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल आशियाना क्षेत्र पहुंची और बच्ची की पहचान कर उसे सकुशल बरामद कर लिया।

बच्ची के सकुशल मिलने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बेटी को वापस पाकर परिजनों ने कृष्णानगर पुलिस तथा सूचना प्रसारित करने और बच्ची को तलाशने में सहयोग करने वाले मीडिया बंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

Previous Post Next Post