![]() |
| मृतक राजा चौरसिया (फाइल फोटो) |
जिला संवाददाता कल्लू उर्फ रजनीश, लखनऊ ✍️
लखनऊ। बंथरा थाना क्षेत्र में लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के एलिवेटेड रोड पर शुक्रवार तड़के हुए सड़क हादसे में डीसीएम चालक राजा चौरसिया (35) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सुबह करीब चार बजे हैंडिल के पास हुआ।
बताया जा रहा है कि सड़क पर खराब हालत में खड़े डंपर को बचाने के प्रयास में तेज रफ्तार डीसीएम अनियंत्रित होकर डंपर के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि डीसीएम चालक राजा चौरसिया की मौके पर ही मौत हो गई।
राजा चौरसिया बंथरा थाना क्षेत्र के धावापुर गांव के रहने वाले थे। वह शादीशुदा थे और उनका सात वर्षीय बेटा है। वह दस भाइयों में पांचवें नंबर पर थे। परिजनों के मुताबिक, राजा चौरसिया सोहरामऊ से डीसीएम लेकर निकलते थे और बाराबंकी में सामान की डिलीवरी का काम करते थे।
हादसे की सूचना मिलते ही सरोजनी नगर थाना प्रभारी राजदेव राम प्रजापति पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना में शामिल डंपर को भी पुलिस ने कब्जे में लिया।
पुलिस ने सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त डीसीएम को हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारु कराई, जिसके बाद एलिवेटेड मार्ग पर आवागमन दोबारा शुरू हो सका।
पोस्टमार्टम के बाद राजा चौरसिया का शव गांव स्थित घर पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। हादसे की खबर से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में राजा चौरसिया का अंतिम संस्कार गांव में ही किया गया।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सड़क पर खराब हालत में खड़े डंपर को बचाने के दौरान डीसीएम उससे टकराई। पुलिस ने यातायात व्यवस्था बहाल कराने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है।
