गर्रा नदी का बढ़ रहा जलस्तर, डीएम ने संवेदनशील स्थलों का किया निरीक्षण

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

अधिकारियों को बाढ़ सुरक्षा के इंतजाम दुरुस्त रखने के निर्देश, लोगों से नदी किनारे न जाने की अपील

शाहजहांपुर, 02 सितंबर। गर्रा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बुधवार को नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार, एसडीएम सदर अतुल कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारियों के साथ संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने मोहल्ला सुभाष नगर के निकट गर्रा नदी पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा निर्माणाधीन पुल पर पहुंचकर जलस्तर की स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने मौजमपुर पंप कैनाल के पास डैम रोड का निरीक्षण किया।

डीएम ने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को निर्देश दिए कि डैम रोड के कल्वर्ट को लोक निर्माण विभाग से अपनी देखरेख में बंद कराया जाए, ताकि गर्रा नदी का जलस्तर बढ़ने की स्थिति में बाढ़ का पानी नगर की ओर न आ सके। इसके अलावा अजीजगंज तटबंध के निकट कांशीराम कॉलोनी के नाले पर लगे गेट का भी निरीक्षण किया गया।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को बाढ़ सुरक्षा की दृष्टि से सतर्क रहने और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने एडीएम को दो से तीन शरणालयों को सक्रिय करने के निर्देश भी दिए।

4 सितंबर तक बढ़ सकता है गर्रा का जलस्तर

अधिशासी अभियंता शारदा नहर खंड ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्र में पिछले दो दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण गर्रा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। उनके अनुसार बढ़े हुए जलस्तर का प्रभाव 04 सितंबर 2026 को शाहजहांपुर पहुंचने की संभावना है और जलस्तर करीब 148.00 मीटर तक पहुंच सकता है।

प्रशासन के अनुसार, 01 सितंबर को रात 11 बजे पीलीभीत स्थित दियूनी बैराज से गर्रा नदी में 36,801 क्यूसेक पानी पास हुआ है। इसका प्रभाव शाहजहांपुर शहर के अजीजगंज पुल पर अगले तीन से चार दिनों में पहुंचने की संभावना है।

अजीजगंज पुल पर वर्तमान में गर्रा नदी का जलस्तर 146.10 मीटर बताया गया है, जिसमें करीब दो मीटर की वृद्धि की संभावना है। अनुमान के अनुसार जलस्तर 148.80 मीटर के खतरे के निशान से नीचे रह सकता है। वर्तमान में नदी की प्रवृत्ति बढ़ने की है।

रामगंगा नदी का जलस्तर भी बढ़ने का अनुमान

पहाड़ी क्षेत्रों एवं रामगंगा नदी के कैचमेंट क्षेत्र में हुई बारिश के कारण शाहजहांपुर के डबरी घाट पर आगामी तीन से चार दिनों में रामगंगा नदी का जलस्तर करीब 60 सेंटीमीटर बढ़ने का अनुमान है। इसके खतरे के निशान 137.30 मीटर के निकट पहुंचने की संभावना जताई गई है। इससे मुख्य रूप से तहसील परशुरामपुरी एवं कलान क्षेत्र प्रभावित हो सकते हैं।

प्रशासन की लोगों से अपील

जिलाधिकारी ने गर्रा एवं रामगंगा नदी के नगरीय, तटीय और डूब क्षेत्र में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में लोग नदी के बहाव क्षेत्र, किनारों, घाटों तथा अजीजगंज पुल के निचले हिस्सों में न जाएं। वहां स्नान करने, पशुओं को नहलाने अथवा घूमने से भी बचें।

लोगों से बच्चों को नदी एवं जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखने तथा मवेशियों को सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर बांधने की व्यवस्था करने को कहा गया है। डूब क्षेत्र में रहने वाले परिवारों को महत्वपूर्ण दस्तावेज, राशन, दवाइयां एवं कीमती सामान सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है।

प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर विश्वास करने की अपील की है। जलस्तर अधिक बढ़ने की स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी स्थानांतरण एवं सुरक्षा संबंधी निर्देशों का तत्काल पालन करने को कहा गया है।

आपात स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें:
📞 05842-462754
📞 05842-351037
📞 05842-35108

Previous Post Next Post