ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा
बलरामपुर। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पुलिस अधीक्षक बलरामपुर मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देश के क्रम में क्षेत्राधिकारी उतरौला डॉ. जितेन्द्र कुमार ने थाना रेहरा बाजार क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न गणेश प्रतिमा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
क्षेत्राधिकारी ने पूजा पंडालों में पहुंचकर व्यवस्थापकों से सुरक्षा संबंधी जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पंडालों में पानी से भरे ड्रम, बाल्टी तथा बालू से भरी बाल्टियों की समुचित व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। साथ ही महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के दृष्टिगत प्रत्येक पूजा पंडाल में सीसीटीवी कैमरे लगवाने पर विशेष जोर दिया।
डॉ. जितेन्द्र कुमार ने कहा कि पूजा पंडालों में महिलाओं और बच्चियों का आवागमन अधिक रहता है, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी आयोजकों को पंडाल में पर्याप्त संख्या में वालंटियर नियुक्त करने तथा यह सुनिश्चित करने को कहा कि नियुक्त वालंटियर व्यवहारिक, जिम्मेदार और नशे अथवा धूम्रपान जैसी गतिविधियों से दूर रहने वाले हों।
निरीक्षण के दौरान बिजली सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। पंडालों में बिजली के तार खुले न छोड़ने, शॉर्ट सर्किट की संभावना को रोकने तथा पंडाल से सटाकर हैलोजन लाइट न लगाने की हिदायत दी गई। इसके अलावा पूजा पंडालों के आसपास आतिशबाजी और धूम्रपान पर रोक रखने के लिए भी आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
क्षेत्राधिकारी ने आयोजकों से कहा कि गणेश चतुर्थी के आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी व्यवस्थापक पुलिस प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें, ताकि पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।
इस दौरान थाना प्रभारी रेहरा बाजार अनिल दीक्षित सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

