पति के निधन के बाद आर्थिक संकट से जूझ रहीं कलावती को करीब आठ वर्षों से मिल रही नियमित पेंशन
स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर। प्रदेश सरकार द्वारा संचालित निराश्रित महिला पेंशन योजना (विधवा पेंशन) जरूरतमंद महिलाओं के लिए आर्थिक संबल का माध्यम बन रही है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को नियमित पेंशन उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उन्हें रोजमर्रा की आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिल रही है।
जनपद शाहजहांपुर के विकासखंड ददरौल के ग्राम घुसगवां निवासी श्रीमती कलावती के पति का करीब आठ वर्ष पूर्व निधन हो गया था। पति की मृत्यु के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया और घर का खर्च चलाना उनके लिए चुनौती बन गया।
आठ वर्षों से मिल रही पेंशन
ऐसे कठिन समय में निराश्रित महिला पेंशन योजना कलावती के लिए सहारा बनी। योजना के अंतर्गत उन्हें पिछले करीब आठ वर्षों से नियमित रूप से प्रतिमाह पेंशन मिल रही है। पेंशन की धनराशि से उन्हें घर के दैनिक खर्च, दवा और अन्य जरूरी आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायता मिल रही है।
कलावती बताती हैं कि पेंशन मिलने से परिवार की आर्थिक स्थिति में पहले की अपेक्षा सुधार हुआ है। अब छोटी-छोटी जरूरतों के लिए उन्हें दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। नियमित पेंशन ने उन्हें आर्थिक मजबूती के साथ सम्मानपूर्वक जीवन जीने का आत्मविश्वास भी दिया है।
कलावती ने योजना का लाभ मिलने पर प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। उनकी कहानी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली सहायता को दर्शाती है।
योजना का लाभ लेने के लिए करें आवेदन
निराश्रित महिला पेंशन योजना का लाभ लेने के लिए पात्र महिलाएं SSPY पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं। इसके अलावा निकटतम जन सेवा केंद्र पर जाकर भी आवेदन किया जा सकता है।
