30 सितंबर तक होगा क्विज, चयनित युवा निबंध चुनौती, जिला व राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं से आगे बढ़कर राष्ट्रीय संवाद में ले सकेंगे हिस्सा
स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर। देश के युवाओं को नेतृत्व, नवाचार, रचनात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत द्वारा विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद 2027 का आयोजन किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय पहल की शुरुआत विकसित भारत क्विज के साथ हो चुकी है। क्विज में भाग लेने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
क्विज से शुरू होगी राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने की यात्रा
विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद 2027 युवाओं के लिए केवल क्विज या प्रतियोगिता नहीं, बल्कि अपनी प्रतिभा और विचारों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने की योग्यता-आधारित यात्रा है। इसका उद्देश्य ऐसे युवा नेतृत्वकर्ताओं की पहचान करना है, जो वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में अपने विचारों, नवाचारों और समाधानों के माध्यम से योगदान देना चाहते हैं।
मेरा युवा भारत के आधिकारिक पोर्टल के अनुसार विकसित भारत क्विज 17 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। क्विज में 20 प्रश्न होंगे और इसे पूरा करने के लिए 10 मिनट का समय दिया जाएगा।
क्विज इस राष्ट्रीय यात्रा का पहला चरण है। इसके बाद चयनित प्रतिभागी विकसित भारत निबंध चुनौती, जिला चैंपियनशिप तथा राज्य/केंद्र शासित प्रदेश स्तर की प्रतियोगिता से आगे बढ़ते हुए राष्ट्रीय विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद तक पहुंच सकते हैं।
युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर विचार रखने का अवसर
राष्ट्रीय स्तर पर चयनित युवाओं को अपने विचार प्रस्तुत करने तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष विकसित भारत के लिए अपने विचार और समाधान रखने का अवसर मिलेगा।
इस पहल के तहत विकसित भारत चैलेंज के अलावा सांस्कृतिक गतिविधियों, भारत के लिए डिजाइन, सामाजिक सरोकारों के लिए तकनीकी नवाचार, युवा उद्यमिता और युवा संसद जैसे क्षेत्र भी शामिल किए गए हैं। इससे अलग-अलग क्षेत्रों में प्रतिभा रखने वाले युवाओं को राष्ट्रीय मंच से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
माहे आलम ने युवाओं से की भागीदारी की अपील
इस अवसर पर उप निदेशक माहे आलम ने शाहजहांपुर के युवाओं से विकसित भारत क्विज में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद युवाओं के लिए अपनी प्रतिभा, ज्ञान, रचनात्मक सोच और नेतृत्व क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का असाधारण अवसर है।
उन्होंने कहा कि शाहजहांपुर के युवाओं में प्रतिभा और ऊर्जा की कमी नहीं है। आवश्यकता है कि युवा उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाकर स्वयं को राष्ट्रीय मंच के लिए तैयार करें।
माहे आलम ने कहा कि एक छोटा-सा क्विज किसी युवा की यात्रा को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने की शुरुआत बन सकता है। यह केवल प्रश्नों के उत्तर देने की प्रतियोगिता नहीं, बल्कि ज्ञान परखने, सोच विकसित करने और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जुड़ने का अवसर है।
उन्होंने विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, युवा क्लबों, स्वयंसेवी संगठनों तथा ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं से विशेष अपील की कि पात्र युवा स्वयं क्विज में भाग लें और अपने मित्रों व साथियों को भी प्रेरित करें।
महत्वपूर्ण तिथियां
- विकसित भारत क्विज: 17 अगस्त से 30 सितंबर 2026
- विकसित भारत निबंध चुनौती: 5 से 19 अक्टूबर 2026
- जिला चैंपियनशिप: 10 से 16 नवंबर 2026
- राज्य/केंद्र शासित प्रदेश स्तर: 17 नवंबर से 7 दिसंबर 2026
- राष्ट्रीय विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद, नई दिल्ली: 10 से 12 जनवरी 2027
आधिकारिक क्विज लिंक: