शाहजहांपुर: यातायात जागरूकता कार्यक्रम में वाहन चालकों को नियमों के प्रति किया जागरूक, हेलमेट और सीट बेल्ट के इस्तेमाल की अपील

 

स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर, 30 सितंबर 2026। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से 29 सितंबर 2026 को सुभाष चौराहा, शाहजहांपुर पर यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में यातायात टीम द्वारा पहल ग्रुप के सदस्यों के सहयोग से आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान यातायात नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों को पुष्प भेंट कर प्रोत्साहित किया गया। वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के वाहनों पर जागरूकता संबंधी स्टीकर चस्पा किए गए और उन्हें सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक किया गया।

वाहन चालकों से की गई अपील

क्षेत्राधिकारी यातायात ने लोगों से सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील की। वाहन चालकों को बताया गया कि—

  • दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट जरूर पहनें।
  • चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का इस्तेमाल करें।
  • वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें।
  • ट्रिपल राइडिंग, ओवरस्पीडिंग और स्टंट से बचें।
  • नशे की हालत में वाहन न चलाएं।
  • सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर के दौरान अस्पताल पहुंचाकर राहवीर योजना का लाभ दिलाने में सहयोग करें।
  • यातायात नियमों का पालन कर स्वयं सुरक्षित रहें और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।

सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने लिया हिस्सा

कार्यक्रम में पहल ग्रुप के डायरेक्टर अभिषेक, अधिवक्ता अनूप कुमार, अधिवक्ता अमित राज, अधिवक्ता अमिता राज, पत्रकार सूरज सहाय, पत्रकार रागिनी श्रीवास्तव, डॉ. श्याम बाबू एवं गोलू मिश्रा मौजूद रहे।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों और वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति लगातार जागरूक रहने की अपील की गई।

Previous Post Next Post