शाहजहांपुर: एंटी रोमियो टीमों ने विद्यालयों के बाहर की चेकिंग, छात्राओं को महिला सुरक्षा और हेल्पलाइन की दी जानकारी

 

स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर, 30 सितंबर 2026। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और उनके प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर के निर्देशन में जनपद के सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों द्वारा विशेष जागरूकता एवं चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान एंटी रोमियो टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में स्थित विद्यालयों के बाहर और आसपास भ्रमण एवं चेकिंग की। इस दौरान छात्र-छात्राओं से संवाद स्थापित कर उन्हें महिला सुरक्षा, उनके अधिकारों और उत्पीड़न से बचाव के संबंध में जानकारी दी गई।

संदिग्ध व्यक्तियों की हुई चेकिंग

पुलिस टीमों ने विद्यालयों और आसपास के संवेदनशील स्थानों पर अनावश्यक रूप से घूमने वाले संदिग्ध व्यक्तियों एवं युवकों की चेकिंग की। छात्राओं को बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति छेड़छाड़, अभद्रता, पीछा करने या किसी अन्य प्रकार से परेशान करता है तो बिना किसी संकोच के तत्काल पुलिस को सूचना दें।

पुलिस ने छात्राओं को भरोसा दिलाया कि सूचना मिलने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इन हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

एंटी रोमियो टीमों ने छात्राओं को महिला एवं नागरिक सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी—

  • 1090 — वीमेन पावर लाइन
  • 112 — पुलिस आपातकालीन सेवा
  • 181 — महिला हेल्पलाइन
  • 1076 — मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
  • 1098 — चाइल्ड हेल्पलाइन

छात्राओं से आवश्यकता पड़ने पर इन हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने की अपील की गई।

साइबर अपराध से बचाव के लिए भी किया जागरूक

अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल और साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में भी आवश्यक सावधानियां बताई गईं। पुलिस टीमों ने अपील की कि किसी भी आपत्तिजनक गतिविधि अथवा महिला संबंधी अपराध की जानकारी होने पर उसे नजरअंदाज न करें और तत्काल पुलिस को सूचित करें।

शाहजहांपुर पुलिस के अनुसार महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर एंटी रोमियो टीमों का भ्रमण, चेकिंग और जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा।

Previous Post Next Post