ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा
बलरामपुर। बच्चों को दस्त एवं विभिन्न संक्रमणों से सुरक्षित रखने के लिए हाथों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देना बेहद जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी जागरूकता संदेश में बताया गया है कि अस्वच्छ हाथों पर मौजूद कीटाणु दिखाई नहीं देते, लेकिन यही हाथ जब भोजन या मुंह के संपर्क में आते हैं तो कीटाणु शरीर में पहुंचकर संक्रमण का कारण बन सकते हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलरामपुर डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने बताया कि हाथों की नियमित और सही तरीके से सफाई संक्रमण से बचाव का सरल एवं प्रभावी उपाय है। विशेषकर बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए भोजन करने से पहले, शौचालय के उपयोग के बाद तथा बच्चे को खाना खिलाने से पहले हाथों को साबुन और साफ पानी से अच्छी तरह धोना चाहिए।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों के आसपास स्वच्छता बनाए रखें और हाथ धोने की आदत को उनकी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। दस्त होने की स्थिति में बच्चे को पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ एवं ओआरएस देते रहें। यदि बच्चे की स्थिति में सुधार न हो या लक्षण गंभीर हों तो तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा ने कहा कि हाथों की स्वच्छता को लेकर परिवार और समुदाय में जागरूकता बढ़ाना बेहद आवश्यक है। स्वच्छ हाथ संक्रमण से बचाव की पहली कड़ी हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वयं भी हाथों की स्वच्छता अपनाएं और बच्चों को नियमित रूप से हाथ धोने के लिए प्रेरित करें, ताकि दस्त एवं अन्य संक्रमणों से बचाव किया जा सके।
