डेंगू से सतर्क रहें, सुरक्षित रहें
ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा
बलरामपुर। जनपद में डेंगू सहित मच्छरजनित रोगों की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने जनपदवासियों से अपील की है कि डेंगू से बचाव के लिए अपने घर और आसपास स्वच्छता बनाए रखें तथा किसी भी स्थान पर पानी जमा न होने दें। उन्होंने कहा कि डेंगू की रोकथाम में जनसहभागिता बेहद महत्वपूर्ण है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि डेंगू एक गंभीर मच्छरजनित वायरल संक्रमण है, जो संक्रमित एडीज मच्छर के काटने से फैलता है। यह मच्छर साफ और रुके हुए पानी में पनपता है। ऐसे में घरों के आसपास रखे गमलों, कूलर, पुराने टायर, डिब्बों, छतों तथा अन्य स्थानों पर पानी जमा न होने दें। पानी की टंकियों एवं बर्तनों को ढककर रखें और उनकी नियमित रूप से सफाई करते रहें।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार डेंगू होने पर तेज सिरदर्द, तेज बुखार, मांसपेशियों एवं जोड़ों में दर्द, जी मिचलाना अथवा उल्टी तथा त्वचा पर चकत्ते जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। ऐसे लक्षण नजर आने पर स्वयं से दवा लेने के बजाय तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए। समय पर जांच और चिकित्सकीय सलाह मिलने से बीमारी की गंभीरता को कम करने में मदद मिलती है।
सीएमओ ने कहा कि डेंगू से बचाव के लिए दिन के समय भी मच्छरों से सुरक्षा जरूरी है। घर में मच्छरदानी एवं मच्छररोधी साधनों का उपयोग करें तथा शरीर को यथासंभव ढककर रखें। घर और आसपास नियमित रूप से साफ-सफाई करते हुए यह सुनिश्चित करें कि किसी भी स्थान पर कई दिनों तक पानी जमा न रहे।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, कार्यस्थल और आसपास के क्षेत्र में पानी जमा होने से रोकने में सहयोग करे। सामूहिक प्रयासों से ही डेंगू सहित अन्य मच्छरजनित बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा ने कहा कि डेंगू के लक्षणों को नजरअंदाज न करें। लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, जागरूकता और समय पर उपचार ही डेंगू से बचाव के प्रमुख उपाय हैं।
