मानव सेवा के संकल्प के साथ जरूरतमंदों तक पहुंचाई गई स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी
स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 12 सितंबर 2026। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के आदेशानुसार राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर 12 सितंबर को प्रातः 9 बजे से आयोजित स्वास्थ्य शिविर में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी शाहजहांपुर ने स्वास्थ्य विभाग के साथ सहयोगी भूमिका निभाई।
इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के जिला सचिव डॉ. विजय जौहरी ने स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय करते हुए शिविर में मानव सेवा के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन किया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के नोडल अधिकारी एवं उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी और सुविधाएं उपलब्ध कराईं।
शिविर में लोगों को आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड, दिव्यांग प्रमाणपत्र, नियमित टीकाकरण सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी दी गई।
इस अवसर पर इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के जिला सचिव डॉ. विजय जौहरी ने कहा कि रेड क्रॉस सदैव मानव सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय कर जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सेवाएं पहुंचाने के लिए संस्था लगातार प्रयासरत है।
जिला कारागार के अधिकारियों ने भी की सहभागिता
स्वास्थ्य शिविर के दौरान जिला कारागार के अधिकारियों ने भी सहभागिता की। इस दौरान जिला कारागार में रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा पूर्व में किए गए सेवा एवं सहयोग कार्यों पर चर्चा हुई।
जिला कारागार के अधिकारियों ने मानव सेवा के क्षेत्र में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रयासों की सराहना की। शिविर में स्वास्थ्य विभाग और रेड क्रॉस के बीच सहयोग एवं समन्वय की भावना के साथ लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी पहुंचाई गई।
