स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
शाहजहांपुर। सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार 02 सितंबर 2026 को शाहजहांपुर पुलिस द्वारा प्रमुख चौराहों एवं मार्गों पर चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने क्षेत्राधिकारी पुवायां के साथ यातायात पुलिस एवं जनपद के थानों की सीसी टीम के सहयोग से पुवायां सर्किल क्षेत्र सहित अन्य स्थानों पर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान एएसपी सिटी ने सीसी टीम के साथ वाहनों की चेकिंग की। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के लिए संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
चेकिंग के दौरान वाहन चालकों को सड़क पर वाहन चलाते समय आवश्यक सावधानियां बरतने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने के लिए कहा गया।
इसके अलावा निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा यातायात संकेतों एवं नियमों का पालन करने की अपील की गई।
पुलिस अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।
शाहजहांपुर पुलिस ने आमजन से अपील की कि स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ ही परिवार एवं परिचितों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
