प्रसव हेतु भर्ती महिलाओं का जाना हाल, दवाओं का स्टॉक और रजिस्टर भी जांचा
शाहजहाँपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा ने पीएचसी वनतारा का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अचानक हुए निरीक्षण से स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों में हलचल रही।
निरीक्षण के दौरान डॉ. विजेंद्र गौतम, डॉ. अनन्या प्रजापति, अब्दुल रशीद (फार्मासिस्ट), अशोक कुमार एवं राहुल कुमार (एलटी), स्टाफ नर्स पुष्पारानी एवं ममता तथा सफाई कर्मी लारेब अहमद उपस्थित मिले।
भर्ती महिलाओं का लिया हालचाल
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव हेतु भर्ती महिलाओं से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में भी जानकारी ली और मरीजों की सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
फार्मेसी में पर्याप्त मिला दवाओं का स्टॉक
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने फार्मेसी में स्टॉक रजिस्टर की जांच की। उन्होंने दवाओं की उपलब्धता का भी जायजा लिया। निरीक्षण में ARV एवं ASV सहित आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक पाया गया।
सीएमओ ने निर्देश दिया कि दवाओं के स्टॉक रजिस्टर को प्रतिदिन अनिवार्य रूप से अपडेट किया जाए, जिससे दवाओं की उपलब्धता एवं वितरण का रिकॉर्ड व्यवस्थित बना रहे।
साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र परिसर का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर में नियमित स्वच्छता बनाए रखने और मरीजों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने को कहा।
सीएमओ ने स्वास्थ्य केंद्र पर आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा व्यवस्थाओं को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

