सीतापुर में नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, 90 किलो गांजे के साथ 7 आरोपी गिरफ्तार

 

SOG और रामकोट पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 23 लाख रुपये का गांजा, ब्रेजा कार और DCM बरामद

ब्यूरो चीफ अमित गुप्ता सीतापुर ✍️

सीतापुर। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत SOG और थाना रामकोट पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने करीब 90 किलो 100 ग्राम अवैध गांजे के साथ सात कथित अंतर्जनपदीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 23 लाख रुपये है।

तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक ब्रेजा कार और एक DCM को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।

पुलिस को देखकर भागने लगे तस्कर

पुलिस के मुताबिक रविवार शाम करीब 4:30 बजे SOG और रामकोट पुलिस की संयुक्त टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान अर्थाना की तरफ से एक ब्रेजा कार और उसके पीछे एक DCM आती दिखाई दी।

पुलिस ने दोनों वाहनों को संदिग्ध मानते हुए रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि पुलिस को देखते ही दोनों वाहनों में सवार लोग भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए ग्राम मधवापुर से करीब 200 मीटर आगे तालाब के पास घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोक लिया।

ब्रेजा की डिग्गी से बरामद हुआ 90 किलो गांजा

तलाशी के दौरान ब्रेजा कार की डिग्गी में सफेद प्लास्टिक की बोरियां मिलीं। पुलिस के अनुसार बोरियों की तलाशी लेने पर उनमें 90 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेते हुए सातों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा कथित रूप से बाहर से कम कीमत पर गांजा लाकर अलग-अलग जनपदों में ऊंचे दाम पर बेचने की जानकारी दिए जाने की बात सामने आई है।

चार जनपदों और बिहार से जुड़े आरोपी

एएसपी आलोक सिंह के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान—

  1. विनोद कुमार पांडेय — गोंडा
  2. विजय महतो — मोतिहारी, बिहार
  3. मुन्ना कुमार — मोतिहारी, बिहार
  4. रामस्वरूप वर्मा — गोंडा
  5. रामआशीष वर्मा — गोंडा
  6. सचिन लोधी — लखनऊ
  7. विनोद कुमार — अमरोहा

के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी अलग-अलग जनपदों एवं राज्य के रहने वाले हैं और कथित रूप से संगठित तरीके से मादक पदार्थों की तस्करी कर रहे थे।

NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना रामकोट में NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया। पुलिस के मुताबिक न्यायालय से सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अब कथित तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और गांजे की सप्लाई के स्रोत के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

इस कार्रवाई पर पुलिस अधीक्षक ने SOG और रामकोट पुलिस की संयुक्त टीम की सराहना करते हुए पूरी टीम को बधाई दी।

Previous Post Next Post