ग्राम सचिवालय सुन्दरनगर के निरीक्षण में मिली अव्यवस्थाएं, डिजिटल पुस्तकालय भी नहीं मिला सुचारू

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

सचिवालय में लगा था ताला, परिसर में उगी मिली बड़ी-बड़ी जंगली घास

शाहजहांपुर। ग्राम पंचायतों में व्यवस्थाओं और सरकारी सुविधाओं की स्थिति परखने के लिए 01 सितंबर 2026 को ग्राम पंचायत सुन्दरनगर, विकासखंड भावलखेड़ा स्थित ग्राम सचिवालय का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सचिवालय में ताला लगा मिला और डिजिटल पुस्तकालय का संचालन भी सुचारू नहीं पाया गया।

निरीक्षण के समय महेन्द्र पाल, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, प्रान्तीय खंड, शशि बिन्द पाल, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), उमाशंकर शर्मा, ग्राम विकास अधिकारी तथा सदानन्द शर्मा, ग्राम प्रधान मौजूद रहे।

सचिवालय का ताला खुलवाकर अंदर स्थापित डिजिटल पुस्तकालय (बाल एवं किशोर पुस्तकालय) का निरीक्षण किया गया। जांच में पुस्तकालय का संचालन सुचारू रूप से होता नहीं पाया गया। वहीं सचिवालय की बाउंड्रीवाल के अंदर बड़ी-बड़ी जंगली घास खड़ी मिली, जिससे परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हुए।

मौके पर मौजूद सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) और ग्राम विकास अधिकारी को निर्देशित किया गया कि डिजिटल पुस्तकालय को सुचारू रूप से संचालित कराया जाए तथा ग्राम सचिवालय की साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि दोबारा निरीक्षण के दौरान यदि व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं मिलीं तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

इस निरीक्षण के जरिए ग्राम सचिवालय में संचालित सुविधाओं को व्यवस्थित करने और ग्रामीणों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।

Previous Post Next Post