शाहजहांपुर में CMO ने जलीकोठी और जलालनगर पुलिस लाइन स्वास्थ्य केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर, 20 सितंबर 2026। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा ने रविवार को अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जलीकोठी और अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जलालनगर पुलिस लाइन में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति देखी और संबंधित चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जलीकोठी में 51 मरीजों की OPD, 10 तरह की जांच

अर्बन पीएचसी जलीकोठी में निरीक्षण के दौरान चिकित्सा अधिकारी डॉ. निखिल दीक्षित, फार्मासिस्ट अभिषेक श्रीवास्तव, स्टाफ नर्स मनीषा देवी एवं शिल्पी वर्मा सहित अन्य स्टाफ उपस्थित मिला।

निरीक्षण के समय तक ओपीडी में 51 मरीजों को देखा जा चुका था। हेल्थ एटीएम के माध्यम से 6 मरीजों की जांच की गई। सीएमओ ने रोशनी और प्रेमचंद नामक मरीजों को स्वयं देखकर दवा लिखी।

लैब में मलेरिया, टाइफाइड, शुगर और सीबीसी सहित कुल 10 प्रकार की जांचें की गई थीं। वहीं 25 मरीजों को एआरवी लगाई गई तथा एक गर्भवती महिला और तीन बच्चों का टीकाकरण किया गया।

सीएमओ ने स्वास्थ्यकर्मियों को स्वाइन फ्लू से बचाव एवं सतर्कता के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सभी स्टाफ को ड्यूटी के दौरान एप्रेन पहनने के निर्देश भी दिए।

जलालनगर पुलिस लाइन UPHC में साफ-सफाई पर दिए निर्देश

इसके बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जलालनगर पुलिस लाइन का भी औचक निरीक्षण किया। यहां स्टाफ उपस्थित मिला। निरीक्षण के दौरान ओपीडी में केवल 8 मरीजों को देखा गया था।

सीएमओ ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी एवं स्टाफ को मरीजों और तीमारदारों के साथ मधुर एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य केंद्र पर 7 बच्चों का टीकाकरण किया गया था।

निरीक्षण के दौरान UPHC के मुख्य गेट पर क्षतिग्रस्त बेंच देखकर सीएमओ ने नाराजगी व्यक्त की और उसे तत्काल बदलने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर रखने के लिए भी संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके साथ अच्छा व्यवहार किया जाना भी आवश्यक है। उन्होंने सभी कर्मचारियों को अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए।

Previous Post Next Post