मुख्यमंत्री योगी से मिले UPPCB के नवचयनित अधिकारी, ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की भी समीक्षा

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, जनभागीदारी बढ़ाने और ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प से नागरिकों को जोड़ने पर जोर

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आज लखनऊ में उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (UPPCB) के नवचयनित अधिकारियों ने भेंट की। मुख्यमंत्री ने सभी नवचयनित अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि इस भर्ती से बोर्ड की कार्यक्षमता मजबूत होगी तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य सरकारी सेवाओं में ऐसी चयन व्यवस्था को मजबूत करना है, जिसमें पारदर्शिता के साथ योग्यता को सर्वोच्च प्राथमिकता मिले।

‘सेवा संकल्प अभियान’ की कार्ययोजना की समीक्षा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ की कार्ययोजना के संबंध में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक भी की। उत्तर प्रदेश में यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि अभियान को व्यापक जनभागीदारी का अभियान बनाया जाए। प्रभावी संचालन के लिए शासन, मुख्यमंत्री कार्यालय और जनपद स्तर पर स्पष्ट समन्वय व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित होगा और अभियान की दैनिक प्रगति मुख्यमंत्री को उपलब्ध कराई जाएगी।

17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ से शुरुआत

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि 17 सितंबर को शाम सात बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ अभियान की शुरुआत की जाए। प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं, नदी घाटों, मंदिरों, पार्कों, विद्यालयों, महाविद्यालयों और चिकित्सालयों में विशेष दीप प्रज्वलन कराया जाए। इस अवसर पर दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं अन्य सहायक उपकरण वितरित करने की व्यवस्था भी की जाए।

आंगनबाड़ी केंद्रों पर होगा ‘आंगन का उत्सव’

25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन का उत्सव’ के तहत प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर तीन दिवसीय उत्सव एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्वस्थ बच्चों को प्रोत्साहित कर पुरस्कृत करने, कुपोषण से सुपोषण की स्थिति तक पहुंची माताओं को सम्मानित करने तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को सार्वजनिक रूप से सम्मानित करने के निर्देश दिए गए।

युवाओं की ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ में भागीदारी पर जोर

मुख्यमंत्री ने ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ में उत्तर प्रदेश की मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। दिल्ली, बेंगलुरु, कोलकाता, महाराष्ट्र और गुजरात में होने वाले पांच प्रमुख आयोजनों में प्रदेश के युवाओं को अधिक से अधिक संख्या में जोड़ने पर जोर दिया गया।

17 अक्टूबर को ‘पंचायत से पार्लियामेंट’ थीम पर आयोजित होने वाले ‘जनसेवा महाकुंभ’ में भी उत्तर प्रदेश की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। 10 सितंबर तक कार्ययोजना, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की बैठक, डेटा-बैंक तथा लाभार्थी सूचियों की तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए गए।

Previous Post Next Post