ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा
बलरामपुर। जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने और समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के तत्वावधान में विकासखंड बलरामपुर परिसर में निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में मुख्य अतिथि विधायक सदर पल्टूराम एवं विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री आरती तिवारी ने पात्र दिव्यांग लाभार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण वितरित किए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधायक सदर पल्टूराम ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। दिव्यांगजन समाज का अभिन्न एवं महत्वपूर्ण अंग हैं। सरकार का उद्देश्य केवल सहायक उपकरण उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाते हुए शिक्षा, रोजगार और सामाजिक जीवन में समान अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए प्रभावी कार्य किया जा रहा है। दिव्यांगजनों के कल्याण एवं सशक्तिकरण के लिए सरकार द्वारा अनेक योजनाएं संचालित हैं। पात्र दिव्यांगजन योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री आरती तिवारी ने कहा कि सहायक उपकरण दिव्यांगजनों के जीवन में गतिशीलता और आत्मविश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इन उपकरणों से दैनिक कार्यों के लिए दूसरों पर निर्भरता कम होती है तथा शिक्षा, स्वरोजगार सहित अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अवसर मिलते हैं। उन्होंने लाभार्थियों को सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
शिविर के दौरान चिह्नित पात्र दिव्यांग लाभार्थियों को कुल 108 सहायक उपकरण निःशुल्क वितरित किए गए। इनमें 25 ट्राई साइकिल, 36 हियरिंग एड (कान की मशीन), 17 स्मार्ट केन, 12 व्हीलचेयर, 10 एमआर किट तथा 08 ब्रेल किट शामिल हैं।
सहायक उपकरण प्राप्त करने वाले लाभार्थियों एवं उनके परिजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इन उपकरणों से दैनिक जीवन के कार्यों में सुगमता आएगी तथा दिव्यांगजनों की गतिशीलता एवं आत्मनिर्भरता बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम के अंत में जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने दिव्यांगजनों को दिव्यांग पेंशन योजना, शादी प्रोत्साहन पुरस्कार योजना, दुकान निर्माण एवं स्वरोजगार ऋण योजना सहित विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों से योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में दिव्यांग लाभार्थी एवं उनके परिजन मौजूद रहे।

