ब्यूरो चीफ आमिर मिर्जा, प्रयागराज ✍️
प्रयागराज, 16 अक्टूबर 2026। दिल्ली में पत्रकारों के साथ कथित बदसलूकी और बर्बरता के विरोध में इलाहाबाद जन कल्याण समिति के अध्यक्ष मोहम्मद हन्जला ने आंदोलन का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के सम्मान और सुरक्षा की मांग को लेकर जल्द ही 10 हजार पत्रकारों के साथ दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान सरकार से पत्रकारों की सुरक्षा के लिए पत्रकार एक्ट लागू करने की मांग उठाई जाएगी।
पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान की उठाई आवाज
मोहम्मद हन्जला ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं। वे जनता की समस्याओं और आवाज को सरकार तथा प्रशासन तक पहुंचाने का काम करते हैं। ऐसे में पत्रकारों के साथ कथित बदसलूकी, अभद्रता और उत्पीड़न की घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं।
उन्होंने मांग की कि सरकार पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए जल्द से जल्द पत्रकार एक्ट लागू करे, ताकि पत्रकार बिना किसी डर और दबाव के अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।
लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने का ऐलान
मोहम्मद हन्जला ने स्पष्ट किया कि पत्रकारों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आवाज बुलंद की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र पत्रकारिता की रक्षा और पत्रकारों की सुरक्षा लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए जरूरी है।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में जुबैर अहमद, मोहम्मद आमिर, वैस शाह, आमिर मिर्जा और फैसल मौजूद रहे। आयोजकों के अनुसार, जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन की तारीख और अन्य विवरण जल्द घोषित किए जाएंगे।
ब्यूरो चीफ आमिर मिर्जा, प्रयागराज ✍️
