प्रयागराज: पनीर की सब्जी में कीड़ा मिलने की शिकायत पर वकील से मारपीट का आरोप, ढाबा संचालक और दो बेटों पर केस दर्ज


ब्यूरो चीफ आमिर मिर्जा, प्रयागराज ✍️

प्रयागराज। यमुनापार के मेजा क्षेत्र में पनीर की सब्जी में कीड़ा मिलने की शिकायत करना एक वकील को भारी पड़ने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शिकायत से नाराज ढाबा संचालक ने अपने दो बेटों के साथ मिलकर वकील की लाठी-डंडों, हॉकी और लोहे की रॉड से पिटाई कर दी। हमले में वकील को सिर, चेहरे, गर्दन, सीने और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने ढाबा संचालक और उसके दोनों बेटों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पनीर की सब्जी में कीड़ा निकलने पर हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, वकील शिवम ओझा 12 अक्टूबर 2026 की रात करीब आठ बजे अपने तीन दोस्तों के साथ टिकुरी समहन स्थित पहलवान ढाबे पर खाना खाने पहुंचे थे। आरोप है कि उन्हें परोसी गई पनीर की सब्जी में कीड़ा निकल आया। इस पर शिवम ने शिकायत करते हुए दूसरी सब्जी देने की मांग की, लेकिन ढाबा संचालक अवध बिहारी ने कथित तौर पर दूसरी सब्जी देने से इनकार कर दिया।

संचालक और बेटों पर मारपीट का आरोप

शिकायत को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। पीड़ित के आरोप के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर ढाबा संचालक ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों, लात-घूंसों, कलछुल और पावा से मारपीट की। इसी दौरान संचालक के बेटे मनोज और मनीष भी कथित तौर पर हॉकी, डंडा और लोहे की रॉड लेकर मौके पर पहुंच गए।

आरोप है कि तीनों ने मिलकर शिवम की पिटाई की। शिवम ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान मनोज ने उनकी जेब से पांच हजार रुपये निकाल लिए। हमले में उनके सिर, चेहरे, गर्दन, बांह, उंगली, सीने और पसली में चोटें आईं। मौके पर मौजूद राहगीरों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

जांच के बाद दर्ज हुआ मुकदमा

मेजा थाना प्रभारी धनंजय पांडेय के मुताबिक, वकील की ओर से मिली तहरीर पर जांच कराई गई। मारपीट की घटना की पुष्टि होने के बाद गुरुवार शाम करीब छह बजे ढाबा संचालक अवध बिहारी और उसके बेटों मनोज व मनीष के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। मामले में आरोपियों का पक्ष सामने आने पर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

ब्यूरो चीफ आमिर मिर्जा, प्रयागराज ✍️

Previous Post Next Post