गंगा एक्सप्रेस-वे पर ओवरस्पीडिंग के खिलाफ बड़ा अभियान, 162 किमी/घंटा की रफ्तार से दौड़ता मिला वाहन; करीब 50 के चालान


स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 27 अक्टूबर 2026। गंगा एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों के खिलाफ शाहजहाँपुर पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। हवाई पट्टी अतिबरा के पास इंटरसेप्टर वाहन और स्पीड लेजर गन की मदद से ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहनों की जांच की गई। अभियान के दौरान निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले लगभग 50 वाहनों के चालान किए गए।

पुलिस अधीक्षक, शाहजहाँपुर के निर्देशन और यातायात निदेशालय के आदेश पर चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य तेज रफ्तार के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करना है।

162 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रहा था वाहन

क्षेत्राधिकारी यातायात रणवीर सिंह ने बताया कि चेकिंग के दौरान स्पीड लेजर गन से वाहनों की गति मापी गई। इस दौरान एक वाहन 162 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलता पाया गया। पुलिस के अनुसार, चार पहिया वाहनों के लिए निर्धारित 120 किलोमीटर प्रति घंटे की गति सीमा का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई।

वाहन चालकों से गति सीमा का पालन करने की अपील

पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि एक्सप्रेस-वे पर निर्धारित गति सीमा का पालन करें और तेज रफ्तार में वाहन चलाने से बचें। निर्धारित गति से वाहन चलाने से सड़क दुर्घटनाओं के जोखिम को कम करने और अपनी तथा अन्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलती है।

शाहजहाँपुर पुलिस ने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ओवरस्पीडिंग के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Previous Post Next Post