परिवार परामर्श केंद्र में 22 मामलों की सुनवाई, पांच दंपतियों में कराया गया समझौता

स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सोमवार को पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई। इस दौरान कुल 22 पत्रावलियों पर सुनवाई हुई, जिनमें पांच दंपतियों के बीच आपसी सहमति से समझौता कराकर उन्हें सकुशल विदा किया गया।

परिवार परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर उनकी समस्याएं सुनी गईं और आपसी बातचीत के माध्यम से विवादों का समाधान कराने का प्रयास किया गया।

बंडा के दंपति ने आपसी सहमति से सुलझाया विवाद

थाना बंडा क्षेत्र के एक दंपति की शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले हुई थी। पत्नी करीब आठ माह से मायके में रह रही थी। पत्नी ने पति पर मारपीट और ससुराल में खराब व्यवहार का आरोप लगाया। वहीं पति ने आगे मारपीट न करने और पत्नी को अपने साथ रखने की बात कही। दोनों पक्षों को समझाने के बाद आपसी सहमति से समझौता हुआ और दोनों को विदा कर दिया गया।

रामचंद्र मिशन के दंपति में भी हुआ समझौता

थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के दंपति की शादी करीब एक वर्ष 10 माह पहले हुई थी। पत्नी का 10 माह का बेटा है और वह करीब दो माह से मायके में रह रही थी। पत्नी ने पति पर मारपीट, खर्च न देने और मायके में फोन पर बात करने को लेकर शक करने की बात कही। पति ने आगे मारपीट न करने, पत्नी को खर्च देने और बेहतर व्यवहार करने का आश्वासन दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया।

कोतवाली क्षेत्र के दंपति ने रखी अलग रहने की शर्त

थाना कोतवाली क्षेत्र के दंपति की शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी। पत्नी करीब 10 दिन से मायके में रह रही थी। पत्नी ने सास द्वारा पति को उसके खिलाफ भड़काने और ताने देने की बात कही। पत्नी ने पति के साथ रहने की इच्छा जताई, लेकिन सास से अलग रहने की शर्त रखी। पति ने पत्नी को साथ ले जाने और उसकी शर्तें मानने पर सहमति जताई। समझाने के बाद दोनों में समझौता हो गया।

सदर बाजार के दंपति ने भी सुलझाया विवाद

थाना सदर बाजार क्षेत्र के दंपति की शादी करीब 10 वर्ष पहले हुई थी। पत्नी ने ससुराल पक्ष पर दहेज को लेकर ताने देने और पति पर मारपीट का आरोप लगाया। उसने पति और बच्चे के साथ अलग किराए के मकान में रहने की इच्छा जताई। पति ने पत्नी को साथ ले जाने और उसके अनुसार रहने की बात कही। दोनों पक्षों की सहमति से समझौता होने के बाद उन्हें विदा किया गया।

तिलहर के दंपति में शराब को लेकर था विवाद

थाना तिलहर क्षेत्र के दंपति की शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी। उनकी 11 माह की बेटी है और पत्नी करीब आठ माह से मायके में रह रही थी। पत्नी ने पति पर शराब पीकर मारपीट करने और मायके वालों से बात करने पर शक करने का आरोप लगाया। पति ने शराब छोड़ने, मारपीट न करने और पत्नी को मायके वालों से बातचीत कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया और उन्हें सकुशल विदा किया गया।

परिवार परामर्श केंद्र की प्रभारी महिला उप निरीक्षक मधु यादव, मुख्य आरक्षी चंद्रकांता, महिला आरक्षी रश्मि चौधरी, नेहा चौहान, पिंकी, शीतल, आरक्षी विनीत, रिंकू सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Previous Post Next Post