ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा
बलरामपुर। जिले में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। जनपद के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित 35 मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों में कुल 1689 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया। इनमें 748 पुरुष, 699 महिलाएं तथा 242 बच्चे शामिल रहे।
मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों के माध्यम से ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों के लोगों को उनके नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर ही जांच, उपचार, दवा एवं आवश्यक परामर्श सहित विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। रविवार को आयोजित मेलों में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा उनकी बीमारी के अनुसार आवश्यक उपचार और चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया।
मेलों में मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न जानकारियां भी दी गईं और उन्हें नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए प्रेरित किया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए जागरूक किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलरामपुर डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बलरामपुर एवं पुलिस लाइन में आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, मरीजों को दी जा रही सुविधाओं तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों के आयोजन का उद्देश्य लोगों को उनके नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा समय रहते बीमारियों की पहचान एवं उपचार सुनिश्चित करना है।
