नवरात्रि, श्रीदुर्गा पूजा, श्रीरामलीला व दशहरा की तैयारियों को लेकर बैठक सम्पन्न

 


ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा

बलरामपुर। आगामी नवरात्रि पर्व, श्रीदुर्गा पूजा, श्रीरामलीला एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को एम.एल.के.पी.जी. कॉलेज के ऑडिटोरियम में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन आदर्श नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ द्वारा किया गया। बैठक में विभिन्न दुर्गा पूजा एवं रामलीला समितियों के अध्यक्ष, महामंत्री, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा जनपद के गणमान्य नागरिक शामिल हुए।


बैठक में आगामी पर्वों के दौरान नगर में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था, जुलूस और शोभायात्रा के मार्ग, रामलीला एवं दुर्गा पूजा स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाओं सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। पूजा समितियों एवं रामलीला कमेटियों के पदाधिकारियों से उनकी आवश्यकताओं, समस्याओं और सुझावों की जानकारी लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता राज कुमार श्रीवास्तव ने की। मुख्य अतिथि के रूप में उदासीन संगत गेल्हापुर के महंत बृजानंद जी महाराज एवं सदर विधायक पल्टूराम उपस्थित रहे। इस दौरान उपजिलाधिकारी मनोज कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर पुलिस अभिषेक सिंह, केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के कार्यकारी अध्यक्ष अविनाश मिश्रा, डॉ. कौशल्या गुप्ता, रासविहारी शुक्ल, हरिवंश सिंह, डॉ. कुलदीप विश्वकर्मा, प्रीत पाल सिंह, रामनरेश त्रिपाठी, लड्डू सिंह, विजय अग्रवाल, सुनील गुप्ता, डॉ. तुलसीश दुबे, डॉ. देवेश श्रीवास्तव, डीपी सिंह बैस सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि, सभासद तथा संबंधित समितियों के अध्यक्ष एवं महामंत्री मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन संजय शुक्ला ने किया।

सदर विधायक पल्टूराम ने कहा कि नवरात्रि, श्रीदुर्गा पूजा, श्रीरामलीला एवं दशहरा हमारे धार्मिक और सांस्कृतिक जीवन के महत्वपूर्ण पर्व हैं। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। ऐसे में सभी आयोजन समितियां प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन की ओर से सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं में पूरा सहयोग दिया जाएगा। सभी लोग आपसी भाईचारे, सद्भाव और सामाजिक समरसता की भावना के साथ पर्व मनाएं।

नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने कहा कि नगर में नवरात्रि, दुर्गा पूजा, श्रीरामलीला एवं दशहरा पर्व को लेकर नगर पालिका की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जाएंगी। पूजा पंडालों और प्रमुख आयोजन स्थलों के आसपास साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नगर पालिका प्रशासन संबंधित विभागों एवं आयोजन समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करेगा। उन्होंने सभी समितियों से प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण एवं मर्यादित ढंग से आयोजन सम्पन्न कराने की अपील की।

डॉ. ‘धीरू’ ने कहा कि बलरामपुर की पहचान आपसी भाईचारे, गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक सौहार्द से है। सभी पर्व एवं धार्मिक आयोजन इसी भावना के साथ सम्पन्न हों, यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नगर पालिका की ओर से पर्वों को सफल बनाने में हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

बैठक में उपस्थित विभिन्न समितियों के पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने अपनी समस्याओं और सुझावों को अधिकारियों के समक्ष रखा। अधिकारियों ने सभी आवश्यक बिंदुओं पर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी नवरात्रि, दुर्गा पूजा, रामलीला एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित, स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न कराना रहा।

Previous Post Next Post