3 नवंबर को लखनऊ में ‘लोकतंत्र बचाओ–अराजकता हटाओ’ पदयात्रा, बलरामपुर भाजपा कार्यालय में बनी रणनीति


ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा, बलरामपुर ✍️

बलरामपुर। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय अटल भवन, बलरामपुर में आगामी 3 नवंबर को लखनऊ में प्रस्तावित ‘लोकतंत्र बचाओ–अराजकता हटाओ’ पदयात्रा की तैयारियों को लेकर जिला पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। जिलाध्यक्ष रवि कुमार मिश्रा के नेतृत्व में हुई बैठक को क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी राज किशोर मौर्य ने संबोधित किया। बैठक में पदयात्रा में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।

विपक्ष पर लगाए अराजकता फैलाने के आरोप

बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी राज किशोर मौर्य ने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों द्वारा देश में अराजकता का माहौल बनाया जा रहा है और संवैधानिक संस्थाओं के विरुद्ध अमर्यादित टिप्पणियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों को लेकर आमजन में आक्रोश है। इसी के विरोध में लखनऊ में विशाल पदयात्रा आयोजित की जा रही है, जिसमें अवध क्षेत्र के लोग शामिल होंगे।

जिलाध्यक्ष ने पदाधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी

जिलाध्यक्ष रवि कुमार मिश्रा ने जिला पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपते हुए 3 नवंबर को अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं के साथ लखनऊ पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने पदयात्रा को सफल बनाने के लिए संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां पूरी करने और आपसी समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया।

बैठक में भाजपा के पदाधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष बृजेन्द्र तिवारी, वरुण सिंह, आद्या सिंह, शिव प्रसाद यादव, संजय शुक्ला, जिला महामंत्री डॉ. अजय सिंह पिंकू, महेंद्र पांडेय, बिंदु विश्वकर्मा, जिला मंत्री अवधेश त्रिपाठी, दुष्यंत चौधरी, अरविंद तिवारी, ललिता तिवारी, मीडिया प्रभारी डीपी सिंह ‘बैस’, राम कृपाल शुक्ला, संदीप उपाध्याय, कृष्ण गोपाल गुप्ता, साधना पांडेय, अक्षय शुक्ला, प्रेम वर्मा, अंशुमाली और नंदिनी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Previous Post Next Post