सेवा संकल्प अभियान के तहत उतरौला में श्रमिक स्वास्थ्य सम्मान शिविर का आयोजन

 


ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा

बलरामपुर। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन के निर्देशन में जनपद में संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत श्रमिकों को स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को उतरौला के अटल चौक स्थित लेबर अड्डे पर श्रमिक स्वास्थ्य सम्मान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में श्रमिकों ने प्रतिभाग कर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा कुल 102 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान श्रमिकों की आवश्यक स्वास्थ्य जांच करने के साथ चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा जरूरत के अनुसार आवश्यक औषधियों का निःशुल्क वितरण भी किया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने श्रमिकों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए जागरूक किया।


वहीं, श्रम विभाग की टीम ने श्रमिकों को भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (BOCW) में पंजीयन तथा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। शिविर के दौरान पात्र पाए गए 06 श्रमिकों का BOCW में पंजीयन भी कराया गया।

श्रमिकों को बताया गया कि BOCW में पंजीयन के माध्यम से पात्रता के अनुसार शासन द्वारा संचालित विभिन्न श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया जा सकता है। इसके साथ ही श्रमिकों को पंजीयन की प्रक्रिया एवं योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक दस्तावेज और प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई, ताकि अधिक से अधिक पात्र श्रमिक सरकारी योजनाओं से जुड़ सकें।

जिलाधिकारी के निर्देशन में संचालित सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से श्रमिकों एवं जरूरतमंद वर्गों तक स्वास्थ्य सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में आयोजित इस शिविर में एक ही स्थान पर स्वास्थ्य परीक्षण, निःशुल्क औषधि वितरण और श्रमिक पंजीयन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

जिला प्रशासन द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने तथा उन्हें स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Previous Post Next Post