डीएम की अध्यक्षता में तहसील सदर में सम्पूर्ण समाधान दिवस संपन्न

 


ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा

बलरामपुर। आमजन की शिकायतों एवं समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में तहसील सदर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व, भूमि विवाद, पुलिस, विकास, विद्युत सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने प्राप्त प्रकरणों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत की गंभीरता से जांच की जाए तथा शिकायतकर्ता को संतुष्ट करते हुए नियमानुसार प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से भूमि विवाद एवं राजस्व से संबंधित मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जाकर दोनों पक्षों की उपस्थिति में प्रकरण की जांच करने तथा नियमानुसार निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद से जुड़े संवेदनशील मामलों में केवल कार्यालय स्तर से कार्रवाई न की जाए, बल्कि आवश्यकता के अनुसार मौके का निरीक्षण कर अभिलेखों एवं वास्तविक स्थिति का परीक्षण करते हुए समस्या का समाधान कराया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारित किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो और फरियादियों को एक ही समस्या के लिए बार-बार तहसील अथवा जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि निस्तारण के दौरान शिकायतकर्ता का पक्ष अवश्य सुना जाए और की गई कार्रवाई से उसे अवगत भी कराया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनशिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी अधिकारी अपने स्तर पर प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा करें और ऐसे प्रकरण, जिनका तत्काल समाधान संभव है, उनमें अनावश्यक विलंब न किया जाए।

वहीं पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने भूमि एवं अन्य आपसी विवादों के मामलों में राजस्व विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर मौके पर जाकर तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

इस अवसर पर एसडीएम सदर सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, तहसील एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Previous Post Next Post