बूढ़ी राप्ती नदी के बढ़े जलस्तर से प्रभावित गांवों और फसलों का डीएम ने लिया जायजा

 


ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा

बलरामपुर। बूढ़ी राप्ती नदी के जलस्तर में वृद्धि के दृष्टिगत जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने विकासखंड पचपेड़वा के ग्राम कटैयाभारी पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने नदी के बढ़े जलस्तर के कारण कृषि क्षेत्र में हुए जलभराव और प्रभावित फसलों की स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से संवाद कर गांव की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि गांव की आबादी पूरी तरह सुरक्षित है और आबादी क्षेत्र में किसी प्रकार का जलभराव नहीं है। नदी के बढ़े जलस्तर से मुख्य रूप से कृषि क्षेत्र और फसलें प्रभावित हुई हैं।

जिलाधिकारी ने खेतों में पहुंचकर प्रभावित फसलों की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित लेखपाल को निर्देशित किया कि प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय सर्वे कर फसल क्षति का समुचित आकलन शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सर्वे के दौरान किसी भी प्रभावित किसान की क्षति दर्ज होने से छूटनी नहीं चाहिए तथा सर्वे के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने बूढ़ी राप्ती नदी के पानी की निकासी की स्थिति की भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नदी के पानी की शीघ्र निकासी के लिए आवश्यक एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि कृषि क्षेत्रों में जमा पानी तेजी से निकल सके और किसानों को राहत मिल सके।

उन्होंने राजस्व विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र में सतत निगरानी बनाए रखने और ग्रामीणों के निरंतर संपर्क में रहने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि नदी के जलस्तर तथा प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए और आवश्यकता के अनुसार तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं।

इस दौरान एसडीएम तुलसीपुर हेमंत गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post