ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा
बलरामपुर। मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के साथ ही समाज के वरिष्ठ नागरिकों के प्रति संवेदनशीलता और आत्मीयता का संदेश देने के उद्देश्य से बलरामपुर पुलिस द्वारा विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में थाना गौरा चौराहा क्षेत्र स्थित आबर वृद्धाश्रम में पुलिस अधीक्षक एवं अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय ने पहुंचकर वृद्धजनों का कुशलक्षेम जाना और उन्हें फल, मिष्ठान, अंगवस्त्र, कंबल तथा अन्य उपहार वितरित किए।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक एवं अपर पुलिस अधीक्षक ने वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्गों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने उनके स्वास्थ्य, दैनिक दिनचर्या और आवश्यकताओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। साथ ही उनके साथ समय बिताकर उनकी समस्याओं को सुना और सम्मान, सहयोग एवं अपनत्व का भाव व्यक्त किया।
पुलिस अधिकारियों ने वृद्धजनों को फल, मिष्ठान, अंगवस्त्र और कंबल वितरित कर उनके प्रति सम्मान प्रकट किया। वृद्धाश्रम में बुजुर्गों की देखभाल और सेवा में जुटे कर्मचारियों को भी उपहार एवं फल देकर उनके योगदान की सराहना की गई।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह, थाना प्रभारी गौरा चौराहा दुर्विजय सिंह, वृद्धाश्रम संचालक कैलाश नाथ पाण्डेय, प्रबंधक राजितराम विश्वकर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिले के अन्य थानों में भी आयोजित हुए कार्यक्रम
मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के अंतर्गत थाना गैड़ास बुजुर्ग, कोतवाली उतरौला, थाना सादुल्लानगर, कोतवाली जरवा सहित जनपद के अन्य थानों की पुलिस ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान महिलाओं, बालिकाओं, बच्चों और बुजुर्गों से संवाद स्थापित कर उन्हें फल, मिष्ठान, अंगवस्त्र तथा आवश्यक सामग्री वितरित की गई। पुलिसकर्मियों ने उनके साथ समय बिताकर कुशलक्षेम जाना और जरूरतमंदों की समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
पुलिस को अपने बीच पाकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। लाभार्थियों ने पुलिस के इस आत्मीय व्यवहार और सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।
महिलाओं की सुरक्षा के साथ जनसेवा पर भी जोर
बलरामपुर पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के साथ-साथ समाज के कमजोर, जरूरतमंद और वरिष्ठ नागरिकों के प्रति संवेदनशीलता एवं सहयोग की भावना को प्रोत्साहित किया जा रहा है। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से पुलिस और आमजन के बीच विश्वास मजबूत करने तथा समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं का संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है।

