मेरे सपनों का भारत के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज में हुआ भव्य कार्यक्रम


ब्यूरो चीफ अमित गुप्ता, सीतापुर ✍️

सीतापुर, 2 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “मेरे सपनों का भारत” चित्रकला प्रदर्शनी का भव्य आयोजन राजकीय इंटर कॉलेज के सामुदायिक हॉल में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर एवं विशिष्ट अतिथि मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी, आईएएस ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।


इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल, राजकीय इंटर कॉलेज के प्राचार्य सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में जनपद के परिषदीय एवं माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए उत्कृष्ट चित्रों की प्रदर्शनी लगाई गई।

इससे पूर्व “मेरे सपनों का भारत” चित्रकला प्रतियोगिता विद्यालय स्तर पर 22 सितंबर 2026 को आयोजित की गई थी। इसमें प्रत्येक विद्यालय से सर्वश्रेष्ठ तीन विद्यार्थियों की प्रविष्टियां ब्लॉक स्तर पर भेजी गईं। ब्लॉक स्तर पर प्राप्त प्रविष्टियों में से श्रेष्ठ दो-दो प्रविष्टियों का चयन कर जिला स्तर पर भेजा गया। इन्हीं प्रविष्टियों की प्रदर्शनी राजकीय इंटर कॉलेज के सामुदायिक हॉल में लगाई गई।

प्रविष्टियों का मूल्यांकन जनपद की एसआरजी टीम के श्री करूणेश मिश्र, श्री आलोक श्रीवास्तव एवं श्री मदनेस मिश्रा ने किया।

बेसिक स्तर के विजेता

बेसिक स्तर पर शिवानी दीक्षित ने प्रथम, काजल ने द्वितीय तथा गौरव मिश्रा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

माध्यमिक स्तर के विजेता

माध्यमिक स्तर पर दिव्यांश शर्मा ने प्रथम, ऋषभ ने द्वितीय एवं आयुष ने तृतीय स्थान हासिल किया।

सभी विजेता विद्यार्थियों को जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने अपने हाथों से पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। इसके साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित सभी बच्चों को ड्राइंग किट भी वितरित की गई।

अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों को अनुशासन में रहने के साथ आगे बढ़ने और जोखिम लेने का साहस सिखाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों में वैज्ञानिक, डॉक्टर और इंजीनियर बनने की जिज्ञासा पैदा करना जरूरी है। बच्चों में हमेशा आगे बढ़ने का हौसला पैदा करना होगा, तभी वे जीवन में सफलता हासिल कर सकेंगे।

कार्यक्रम के अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी प्रतिभागी बच्चों, शिक्षकों, अधिकारियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन राज शर्मा ने किया। कार्यक्रम का संयोजन जिला समन्वयक प्रशिक्षण श्री योगेश पांडे तथा जिला समन्वयक निपुण श्री सौरभ शुक्ला ने किया।

इस अवसर पर जनपद के समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, एसआरजी, एआरपी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं शिक्षकगण मौजूद रहे।

Previous Post Next Post