स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर। खुदागंज थाना क्षेत्र के ग्राम सूथा स्थित मंदिर में दो साधुओं की हत्या कर शव जलाने के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी सुमित कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त करीब ढाई फीट लंबी लोहे की रॉड भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर 2026 को ग्राम सूथा निवासी शिव कुमार सिंह की तहरीर पर बाबा गोपाल दास चेला रामानंद गिरी निवासी अजीजगंज, थाना कोतवाली शाहजहांपुर और बाबा बिहारीदास पुत्र बृजपाल सिंह निवासी ग्राम सूथा की हत्या कर शव जलाने के आरोप में सुमित कुमार सिंह के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 243/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस टीम ने नामजद आरोपी को 1 अक्टूबर को हिरासत में लेकर पूछताछ की तथा गांव के अन्य लोगों से भी जानकारी जुटाकर साक्ष्य संकलित किए। पुलिस का कहना है कि प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को 2 अक्टूबर को विधिक रूप से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि 1 अक्टूबर की रात ग्राम सूथा स्थित मंदिर में सो रहे बाबा गोपाल दास और बाबा बिहारीदास पर लोहे की रॉड से हमला कर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद मंदिर में रखी लकड़ियों और दीपक जलाने के लिए रखे घी का इस्तेमाल कर दोनों शवों को जला दिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह स्वयं मंदिर में रहना चाहता था।
पुलिस के मुताबिक घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड को आरोपी ने मंदिर के पास झाड़ियों में छिपा दिया था। उसकी निशानदेही पर झाड़ियों से करीब ढाई फीट लंबी लोहे की रॉड बरामद की गई, जिस पर खून के धब्बे बताए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुमित कुमार सिंह पुत्र विष्णु सिंह, उम्र करीब 35 वर्ष, निवासी ग्राम सूथा, थाना खुदागंज, शाहजहांपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न धाराओं में सात मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें मारपीट, आगजनी, एससी/एसटी एक्ट और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की है। पुलिस द्वारा प्रस्तुत किए गए आरोपों और साक्ष्यों पर अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा किया जाएगा।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार मौर्य, उपनिरीक्षक दिनेश चन्द्र, उपनिरीक्षक सुमित कुमार, कांस्टेबल राजीव चौधरी एवं कांस्टेबल गौरव शर्मा शामिल रहे।
