स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत रोजा पावर सप्लाई कंपनी लिमिटेड में त्रिदिवसीय श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया गया। सहायक श्रमायुक्त केके गुप्ता एवं कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट एचआर धर्मेंद्र बैस ने दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का उद्घाटन किया।
शिविर में चिकित्सा अधीक्षक भावलखेड़ा, ईसीआईएस, वरुण अर्जुन मेडिकल यूनिवर्सिटी के चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल टीम के साथ कंपनी की मेडिकल टीम ने श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान ब्लड प्रेशर, शुगर, पीएफटी, सीबीसी, लिपिड प्रोफाइल और यूरिन सहित विभिन्न जांचें निशुल्क की गईं।
इसके अलावा ईएनटी, ऑर्थो एवं फिजिशियन चिकित्सकों ने श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा जांच के आधार पर आवश्यक निशुल्क दवाओं का वितरण किया गया।
8 अक्टूबर तक चलेगा स्वास्थ्य शिविर
आयोजकों के अनुसार स्वास्थ्य शिविर 7 और 8 अक्टूबर को भी रिलायंस परिसर में संचालित रहेगा। शिविर के दौरान श्रमिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व की जानकारी दी जा रही है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहायक श्रमायुक्त केके गुप्ता एवं धर्मेंद्र बैस ने श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण के उद्देश्यों और आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने श्रमिकों से स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की अपील की।
इस अवसर पर श्रम प्रवर्तन अधिकारी राजेश सिंह, नागेंद्र त्रिपाठी, पवन सिंह (एचआर) सहित कंपनी के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
