स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 14 अक्टूबर 2026। शाहजहांपुर जनपद की अल्हागंज पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में दर्ज मुकदमे में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को रामगंगा पुल बैरियर के पास ग्राम हुल्लापुर के निकट से हिरासत में लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर के निर्देश पर अपराध नियंत्रण और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 14 अक्टूबर को अल्हागंज पुलिस टीम क्षेत्र में भ्रमण और शांति व्यवस्था ड्यूटी पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमा संख्या 160/26 में नामजद वांछित आरोपी मोहित कुमार रामगंगा पुल बैरियर के पास ग्राम हुल्लापुर के निकट कहीं जाने की फिराक में खड़ा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को सुबह करीब 11:30 बजे हिरासत में ले लिया।
इन धाराओं में दर्ज है मुकदमा
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहित कुमार पुत्र अशोक कुमार, निवासी ग्राम नवादा, थाना एलाऊ, जिला मैनपुरी के रूप में हुई है।
आरोपी के विरुद्ध थाना अल्हागंज में मुकदमा संख्या 160/2026 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2), 64(2)(M) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5(L)/6 के तहत दर्ज है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक राजेश कुमार और हेड कांस्टेबल पन्नालाल, थाना अल्हागंज, जनपद शाहजहांपुर शामिल रहे।
नोट: आरोपी के विरुद्ध लगाए गए आरोपों का अंतिम निर्धारण न्यायालय द्वारा किया जाएगा।
